Jharkhand: झरिया विधायक के देवर ने BCCL सर्वेयर के परिवार को कार से रौंंदा, दंपती की मौत; बच्चा गंभीर घायल
झरिया विधायक पूर्णिमा सिंह के देवर की कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती की मौत हो गई। वहीं बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि विधायक का छोटा देवर कार चला रहा था।
जागरण संवाददाता, धनबाद। शहर में शुक्रवार की रात तेज रफ्तार कार ने बीसीसीएल के सर्वेयर राणा दास और उनकी पत्नी की जान ले ली। वहीं, हादसे में उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। दंपती की जान लेने वाली कार झरिया विधायक पूर्णिमा सिंह के देवर हर्ष सिंह की है।
ये दर्दनाक हादसा शुक्रवार की रात एक बजे धैया स्थित जैन मंदिर के सामने हुआ। राणा दास अपनी पत्नी-बेटे के साथ बाइक से रानीबांध की ओर से भेलाटांड अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान हर्ष सिंह की गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले हर्ष सिंह की गाड़ी दूसरी गाड़ी के साथ रेस लगा रही थी। जैन मंदिर पहुंचने के बाद कार असंतुलित हो गई और सड़क की दूसरी ओर से नगर निगम का पोल तोड़ते हुए दूसरी और आई। फिर कार ने बाइक पर जा रहे परिवार को रौंद दिया।
हर्ष का भाई आदर्श चला रहा था गाड़ी
पुलिस सूत्रों की मानें तो वाहन हर्ष का भाई आदर्श सिंह चला रहा था। दुर्घटना के बाद वह गाड़ी से निकल कर भाग गया। दूसरी गाड़ी उसके एक दोस्त की थी। गाड़ी उनकी कंपनी सिंह नेचुरल रिसोर्सेस मदनाडीह बांसजोड़ा के नाम पर रजिस्टर है।
बच्चे की हालत गंभीर
इधर, हादसे में घायल राणा सिंह का बेटे ऋषभ दास (12 साल) की हालत गंभीर है। अशर्फी से उसे कोलकाता के आमरी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने हर्ष की गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है।
ऋषभ दास के माता-पिता की मौत हो गई। वहीं, अब परिवार में एक बुआ है। उन्हें इस घटना की जानकारी दी गई है। ऋषभ को उसके पड़ोसी कलकत्ता आमरी अस्पताल ले गए हैं। वहीं, रात में स्थानीय लोग और पुलिस ने अशरफी अस्पताल पहुंचाया था।