फर्जी डॉक्टर मामले में जांच शुरू, सिविल सर्जन ने बनाई कमेटी Dhanbad News
एक व्यक्ति खुद को डॉ रवि चौधरी कह कर लोगों का इलाज कर रहा है। इसपर सिविल सर्जन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
धनबाद, जेएनएन। हीरापुर में डॉक्टर के नाम पर रवि चौधरी नामक एक व्यक्ति पर इलाज करने की शिकायत पर शुक्रवार को सिविल सर्जन डॉ. गोपाल दास ने जांच के आदेश दे दिए हैं। सिविल सर्जन ने इस बाबत जांच कमेटी बनाई है। कमेटी के अध्यक्ष डॉक्टर सुधा सिंह को बनाया गया है। सिविल सर्जन ने दो दिन में रिपोर्ट मांगी है।
क्या है मामला
हीरापुर में रवि चौधरी नामक एक व्यक्ति खुद को डॉ रवि चौधरी कह कर लोगों का इलाज कर रहा है। आसपास के लोगों ने इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग रांची को की है। इसके बाद रांची के निर्देश के बाद आनन-फानन में सिविल सर्जन ने जांच कमेटी बनाई है और दो दिनों में रिपोर्ट सौंपने को कहा।
सिविल सर्जन ने बताया कि पहली नजर में व्यक्ति पर झोलाछाप होने का संदेह है। जांच कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।