मानव तस्करी पर धनबाद में बनी संथाली फिल्म को अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार
संथाली फिल्म 'जुरी हिजुआ' को पहले झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म उत्सव में बेस्ट स्पेशल जूरी अवार्ड प्राप्त हुआ है।
बलवंत कुमार, धनबाद। झारखंड में मानव तस्करी पर आधारित संथाली फिल्म 'जुरी हिजुआ' को पहले झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म उत्सव में बेस्ट स्पेशल जूरी अवार्ड प्राप्त हुआ है। यह अवार्ड फिल्म निर्देशक, लेखक और एक्टर राज अली ने राजधानी रांची में रविवार को संपन्न हुए फिल्म फेस्टिवल के दौरान प्राप्त किया। इस समारोह में बॉलीवुड के दिग्गज निर्माता-निर्देशक रमेश सिप्पी, महेश भट्ट सरीखे लोग मौजूद थे। फिल्म महोत्सव का आयोजन झारखंड सरकार के सांस्कृतिक विभाग व झारखंड फिल्म फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था।
इस अवार्ड को लेकर राज ने बताया कि फिल्म निर्माण का कार्य 2011 में पूरा हुआ था और रिलीज 2012 में धनबाद में हुई थी। इसकी शूटिंग भी कोयलांचल में हुई। फिल्म के निर्माता बाबा खान और अजय विश्वकर्मा है। राज ने बताया कि फेस्टिवल में मुम्बई समेत देश के सभी राज्यों के अलावा हॉलीवुड की फीचर फिल्म, लघु फिल्म समेत कुल 350 फिल्मों को सूचीबद्ध किया गया था। इनमें से 70 का चयन किया गया। कुल 36 फिल्मों को विभिन्न पुरस्कारों से नवाजा गया। झारखंड में बनी केवल दो फिल्मों को ही पुरस्कार मिला। उनमें से एक जुरी हिजुआ रही है। यह धनबाद के लिए गौरव की बात है।
जानें, कौन हैं राज अली
भूली रोड के रहने वाले राज ने पीके राय कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के बाद मुम्बई का रूख किया था। अनीश बज्मी के साथ निर्देशन सीखा। कई धारावाहिकों एवं फिल्मों में किरदार निभाए। उन्होंने धनबाद में स्व. ओमपुरी को लेकर बन रही फिल्म 'लीडर द लायन' में भी भूमिका अदा की। इसके बाद वे जुरी हिजुआ के निर्माण से जुड़ गए। एक लंबे अंतराल के बाद इस फिल्म को सम्मान मिलने से राज और उनकी टीम का उत्साह चरम पर है। उन्होंने अपने इस सम्मान को धनबाद को अर्पित किया है।