सड़क दुर्घटना में गंभीर युवक की मौत
सड़क हादसे में घायल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
संस, जामाडोबा : पुटकी-जामाडोबा सड़क पर भागाबांध पुल के निकट पाथरबंगला जामाडोबा में रहनेवाले 20 वर्षीय युवक शुभम निषाद अज्ञात वाहन की चपेट में आकर शुक्रवार की रात गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए झरिया के एक नर्सिग होम में भर्ती कराया। इलाज के दौरान शनिवार की सुबह शुभम की मौत हो गई। सूचना पाकर बोर्रागढ़ पुलिस पहुंची। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोपहर बाद पुलिस ने शव को उनके परिजनों को सौंप दिया। शव के पाथरबंगला पहुंचने पर मातम छा गया। पिता गौरी शंकर निषाद, मां मंजू देवी, छोटा भाई रॉकी रो रोकर बेहाल हुए। परिजनों का कहना है कि शुभम ही मजदूरी कर घर चलाता था। छोटा भाई पढ़ाई करता है। अब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गौरी शंकर गरीब है। सरकार व प्रशासन से मुआवजा की गुहार लगाई है।