Indian Railways: टाना भगत समुदाय पटरी पर, वाया गोमो होकर चलेगी रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस
Ranchi New Delhi Rajdhani Express टाना भगत समुदाय के लोग बुधवार से ही बरकाकाना-टोरी-डालटनगंज रूट की पटरी पर धरना दे रहे हैं। नतीजतन रांची राजधानी का रूट बदलना पड़ा है।
धनबाद, जेएनएन। Ranchi New Delhi Rajdhani Express टाना भगत समुदाय के आंदोलन के कारण धनबाद रेल मंडल के बरकाकाना-टोरी-डालटनगंज रेल सेक्शन पर रेल परिचालन प्रभावित है। टाना भगत पटरी पर से हटने को तैयार नहीं हैं। इसे देखते हुए रेलवे ने रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के रूट में बदलाव करने का निर्णय लिया है। गुरुवार (3 सितंबर, 2020) की शाम रांची से खुलने वाली राजधानी एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग बरकाकाना-टोरी-डालटनगंज के बदले वाया बोकारो स्टील सिटी-गोमो होकर चलेगी।
टाना भगत समुदाय के लोग बुधवार से ही टोरी में रेलवे ट्रैक पर धरना दे रहे हैं। जिससे इस रूट पर यात्री ट्रेन व मालगाड़ी के पहिये ठप हैं। झारखंड सरकार और रेलवे के अधिकारी टाना भगतों को मनाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन वे मान नहीं रहे हैं। ऐसे में रेलवे ने वीआइवी ट्रेन 02453 -रांची-नई दिल्ली राजधानी का रूट बदल कर चलाने का निर्णय लिया है। धनबाद रेल मंडल के पीआरओ पीके मिश्रा ने बताया कि गुरुवार को रांची राजधानी बदले रूट से चलेगी।