Indian Railways Misbehave : हावड़ा- नई दिल्ली राजधानी में महिला से बदतमीजी कर रहा शराबी , प्लीज कुछ कीजिए
हावड़ा से नईदिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में शराबी चढ़ गया है। मेरी जानने वाली महिला यात्री ने कॉल कर बताया है। वह बदतमीजी कर रहा है। प्लीज कुछ कीजिए। यह शिकायत है श्रवण कुमार गुप्ता की जो उन्होंने रेलमंत्री से लेकर डीआरएम धनबाद के ट्विटर पर की है।
धनबाद, जेएनएन : हावड़ा से नईदिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में शराबी चढ़ गया है। मेरी जानने वाली महिला यात्री ने कॉल कर बताया है। वह बदतमीजी कर रहा है। प्लीज कुछ कीजिए, वो बहुत डरी हुई हैं...। यह शिकायत है श्रवण कुमार गुप्ता की जो उन्होंने रेलमंत्री से लेकर डीआरएम धनबाद के ट्विटर पर की है। मामला ट्वीट होते ही रेलवे हरकत में आ गई।
जाने क्या हुआ आगे
हावड़ा से खुली 02301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की थर्ड एसी के बी-9 कोच में एक यात्री शराब पी कर सवार हो गया। ट्रेन में काफी यात्री थे पर उसे रोकना वाला कोई नहीं था। ट्रेन में अकेली सफर कर रही महिला शराब पी कर चढ़े यात्री को देखकर सहम गई। उन्होंने अपने पहचान के श्रवण कुमार गुप्ता को तुरंत जानकारी दी और मदद मांगा। श्रवण ने ट्वीट कर रेलवे को पूरे वाकये से अवगत कराया।
उन्होंने यह फरियाद भी की कि आरपीएफ या जीआरपी को एक बार भेजा जाए ताकि अकेली महिला को थोड़ी हिम्मत मिले। आरपीएफ ईस्ट सेंटल रेलवे ने अपने ट्विटर पर धनबाद आरपीएफ को ट्वीट कर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। आरपीएफ धनबाद ने फौरन ट्रेन के एस्कॉट पार्टी को इत्ला किया। महिला को अटेंड किया गया तो उन्होंने बताया कि शराब पी कर चढ़ा यात्री उन्हें काफी परेशान कर रहा था। छानबीन के बाद पाया गया कि वह यात्री धनबाद में उतर गया। महिला को शराबी यात्री के उतर जाने की जानकारी दी गई तब जा कर वह बेफिक्र होकर बैठी। उन्होंने एस्काट पार्टी से गुजारिश की कि कम से कम रात में यात्री चैन की नींद सो सके, इसका ख्याल रखा जाए।
बेरोक-टोक एंट्री से मनबढ़ू यात्रियों का बढ़ा हौसला
कोरोना काल में रेलवे हर एक यात्री की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद अंदर जाने का परमिशन दे रही थी। इस वजह से सफर पूरी तरह सुरक्षित था। अब गेट पर रोक-टोक बंद हो गई है। किसी भी यात्री को अंदर जाने से रोका नहीं जा रहा है। यही वजह है कि मनबढ़ु यात्रियों के हौसले बढ़ गए हैं।