Move to Jagran APP

पति-पत्नी के झगड़े में बचाव करने आई एक महिला की हत्या, दूसरी गंभीर; लोगों ने आरोपित का घर आग के हवाले किया Dhanbad News

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुना रजक नशे में धुत होकर रंगाडीह अपने घर आया और पत्नी से झगड़ने लगा। झगड़ा देख आस-पड़ोस की कुछ महिलाएं समझाने के लिए उसके घर चलीं गई। महिलाओं ने पत्नी से झगड़ा नहीं करने को कहा।

By Edited By: Published: Sat, 23 Jan 2021 08:31 PM (IST)Updated: Sun, 24 Jan 2021 07:32 AM (IST)
पति-पत्नी के झगड़े में बचाव करने आई एक महिला की हत्या, दूसरी गंभीर; लोगों ने आरोपित का घर आग के हवाले किया Dhanbad News
मैथन के बीपी नियोगी अस्पताल में भर्ती हमले में घायल महिला राखी वाल्मीकि।

मैथन, जेएनएन। मैथन ओपी स्थित रंगाडीह गांव में शनिवार को नशे में धुत 35 वर्षीय गुना रजक ने पड़ोस की ही 45 वर्षीय हीरा मोती हांसदा की भुजाली से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। दूसरी महिला राखी वाल्मीकि को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना से आक्रोशित युवकों ने आरोपित के घर में तोड़फोड़ करने के बाद उसमें आग लगा दी। पुलिस ने आरोपित को मैथन एरिया तीन से गिरफ्तार कर लिया। हादसे के बाद से गांव में अभी भी तनाव बरकरार है। कोई और अनहोनी ना हो इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।

loksabha election banner

समझाने पहुंची महिलाओं पर भुजाली से किया वार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार की दोपहर दो बजे गुना रजक नशे में धुत होकर रंगाडीह अपने घर आया और पत्नी से झगड़ने लगा। झगड़ा देख आस-पड़ोस की कुछ महिलाएं समझाने के लिए उसके घर चलीं गई। महिलाओं ने पत्नी से झगड़ा नहीं करने को कहा। लेकिन नशे में शराबी ने समझाने पहुंची महिलाओं पर ही भुजाली से हमला कर दिया। हीरा मोती हांसदा की गर्दन काट दी तो राखी वाल्मीकि के सिर पर हमला किया। राखी वाल्मीकि को घायल करने के बाद वापस जमीन पर पड़ी हीरा मोती के पास पहुंचा। उसपर दो-तीन बार और हमला किया। इसके बाद आसपास के लोगों को भुजाली दिखाते हुए वहां से भाग गया। ग्रामीण हीरा मोती हांसदा को आनन-फानन में मैथन बीपी नियोगी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल राखी वाल्मीकि का बीपी नियोगी अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।

आरोपित के घर में लगा दी आग

महिला की मौत से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। युवकों ने गुना रजक के घर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इससे उसका पूरा घर और सामान जलकर खाक हो गया। आरोपित की पत्नी अपने चार बच्चों के साथ घर छोड़कर भाग गई। मैथन ओपी की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों से भी पुलिस बुला ली गई। घटना को अंजाम देकर भागे गुना रजक को पुलिस ने मैथन एरिया तीन से दबोच लिया। पुलिस उसे गिरफ्तार कर मैथन ओपी ले आई। देर शाम तक ओपी परिसर में लोगों को जमावड़ा लगा रहा।

अक्सर पत्नी के साथ करता था झगड़ा आरोपित

गुना रजक अक्सर अपनी पत्नी के साथ अक्सर झगड़ा करता था। उसने पहले से तीन बच्चे की मां से शादी की थी। उसकी पत्नी का पहला पति करीब पांच साल पहले मर चुका था। उसके बाद उसने गुना रजक से शादी की थी। इससे भी एक बच्चा हुआ था। आरोपित मैथन ओपी में सिर पटकने लगा आरोपी गुना रजक ने मैथन ओपी के लॉकअप में भी उत्पात मचाया। कभी सिर पटकने लग रहा था, तो कभी ओपी में ही आत्महत्या करने की धमकी दे रहा था। पुलिस के जवान समझाते बुझाते रहे।

बेटी बोली, मां को किसी ने भुजाली से मार दिया

बादल हांसदा मृतिका के पति बादल हांसदा ने कहा कि वह अपने घर में सत्तू पी रहे थे। इसी बीच बेटी ने कहा कि मां को किसी ने भुजाली से मार दिया है। जब तक पहुंचा तब तक उसकी स्थिति काफी गंभीर थी। अस्पताल ले जाते-जाते उसकी मौत हो गई।

गाली-गलौज से मना करने पर कर दिया हमला

राखी वाल्मीकि घायल राखी वाल्मीकि ने कहा कि गुना रजक काफी नशा किया हुआ था। वह अपनी पत्नी से झगड़ रहा था। हम लोगों ने सिर्फ इतना ही कहा कि क्यों गाली गलौज कर रहे हो। इतने में हम लोगों पर भुजाली से ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया।

गुना रजक नशे में धुत था। बीच बचाव करने गई महिला का गला काट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। छानबीन जारी है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। घर जलाने वाले लोगों पर भी कानूनी कार्रवाई होगी। कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है।

-विजय कुशवाहा, एसडीपीओ


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.