बड़े शहरों की तरह नए साल में धनबाद के लुक में भी दिखेगा कुछ बदलाव
नव वर्ष पर धनबाद वासी बिरसा मुंडा पार्क में लेजर फाउंटेन का आनंद उठा पाएंगे। प्रीमियर वल्र्ड कंपनी चार करोड़ की लागत अत्याधुनिक लेजर फांउटेन बना रही है। लेजर फाउंटेन लगकर तैयार है।
धनबाद, जेएनएन। नए साल पर धनबाद शहर को तीन सौगातें मिलेंगी। सिटी सेंटर से रणधीर वर्मा चौक तक 1.3 किमी लंबे लुबी सर्कुलर रोड में ग्रीन पैच दिखेगा। सड़क के दोनों ओर किनारे-किनारे जाली से घेराबंदी की गई है, जिसमें मैक्सिकन घास लगाए जा रहे हैं। जाली के अंदर आकाशिया, गुलमोहर व नीम के पेड़ लगाए जाएंगे। सड़क के किनारे-किनारे खाली जगह डिजाइनदार पेवर ब्लॉक बिछाए जा रहे हैं। कैंस्टी वेंचर्स लिमिटेड 1 करोड़ 68 लाख में इस सड़क को ग्रीन पैच के रूप में विकसित कर रहा है, जो 31 दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है।
वहीं, नव वर्ष पर धनबाद वासी बिरसा मुंडा पार्क में लेजर फाउंटेन का आनंद उठा पाएंगे। कोलकाता की प्रीमियर वल्र्ड कंपनी चार करोड़ की लागत अत्याधुनिक लेजर फांउटेन बना रही है। लेजर फाउंटेन लगकर तैयार है। लोगों के बैठने के लिए अभी गैलरी का निर्माण किया जा रहा है, जो अंतिम चरण में है। लेजर फाउंटेन शो के माध्यम से लोग महापुरुषों, स्वच्छ भारत अभियान, फिल्मी गानों का आनंद उठा पाएंगे। इसके अलावा नए साल पर बेकारबांध राजेंद्र सरोवर नए कलेवर में दिखेगा। यहां लोग पार्क में सैर व जॉगिंग कर पाएंगे। नालों का पानी तालाब में प्रवेश नहीं करेगा। ढाई लाख क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बैठाया गया है जिसमें पानी शुद्ध होकर तालाब में गिरेगा।
ग्रीन पैच में बहुत कुछ खास
- सिटी सेंटर से रणधीर वर्मा चौक तक लुबी सर्कुलर रोड में ग्रीन पैच के रूप में दिखेगी हरियाली।
- सड़क के दोनों ओर जाली में अंदर से मैक्सिकन घास व आकाशिया, नीम व गुलमोहर के पेड़ लगाए जा रहे हैं।
- पैदल चलने वालों के लिए पैडस्ट्रियन बना जा रहे हैं। लुबी सर्कुलर रोड सुंदर दिखने के लिए डिजाइनदार पेवर ब्लॉक भी बिछाए जा रहे हैं।
लेजर फाउंटेन की खासियत
- बिरसा मुंडा पार्क में कोलकाता के इको पार्क की तर्ज पर अत्याधुनिक लेजर फाउंटेन लगाया गया है।
- रात को रंगीन रोशन में लेजर शो का आनंद उठा पाएंगे। महापुरुषों, भारत का मानचित्र, स्वच्छ भारत अभियान आदि की आकृति देख पाएंगे।
- दर्शकों के बैठने के लिए गैलेरी होगी और फूड कोर्ट होंगे
बेकारबांध में बहुत कुछ दिखेगा नया
- बेकारबांध के अंतिम छोर पर पार्क देख सकेंगे। पार्क में फूल-पौधे व फाउंटेन का आनंद उठा पाएंगे। पार्क में बैठने के लिए गैलरी भी है।
- ढाई लाख क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बैठाया गया है।
- तालाब के चारों ओर जॉगिंग टै्रक बनाया जा रहा है, जिसमें लोग सुबह व शाम टहल सकेंगे।
- तालाब का नजारा देखने के लिए 10 गजीबो बनाए गए हैं।
- तालाब के सामने और पीछे दो फूड कोर्ट होगा।
नए साल पर लुबी सर्कुलर रोड में ग्रीन पैच का काम अंतिम चरण में है। बिरसा मुंडा पार्क में लेजर फाउंटेन भी चालू हो जाएगा और बेकारबांध में भी नए स्वरूप में दिखेगा।
- एसके सिन्हा, मुख्य अभियंता, नगर निगम