मैं हूं धनबाद समूह ने सड़क दुर्घटना व ट्रैफिक जाम की समस्या पर किया गहन मंथन
धनबाद में प्रशासनिक अधिकारियों को ट्रेनिंग की आवश्यकता है। विशेष रूप से पुलिस अधिकारियों को। इसका कारण यह है कि बहुत ऐसी बातें हैं जो आम लोगों को बताने के लिए पुलिस अधिकारियों का सहयोग लेना पड़ता है बहुत से पुलिस जवानों को नियमों की जानकारी भी भली-भांति नहीं है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: धनबाद में प्रशासनिक अधिकारियों को ट्रेनिंग की आवश्यकता है। विशेष रूप से पुलिस अधिकारियों को। इसका कारण यह है कि बहुत ऐसी बातें हैं जो आम लोगों को बताने के लिए पुलिस अधिकारियों का सहयोग लेना पड़ता है, बहुत से पुलिस जवानों को नियमों की जानकारी भी भली-भांति नहीं है। इसके साथ ही आम लोगों के साथ किस तरह से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराना है, इसका ज्ञान भी होना जरूरी है। सड़क सुरक्षा प्रबंधन पर मैं हूं धनबाद समूह की ओर से आयोजित कार्यशाला में विशेषज्ञों ने यह बात कही। कार्यक्रम का शुभारंभ समूह की पूजा रत्नाकर ने किया। उन्होंने बताया मैं हूं धनबाद एक गैर राजनीतिक संगठन है। इसमें धनबाद के वो आम लोग शामिल हैं, जो हर दिन सड़क, बिजली, पानी, जाम की समस्या से दो-चार होते हैं। इसके बाद झारखंड और धनबाद में हो रही सड़क दुर्घटना पर प्रकाश डाला। रत्नाकर ने मुख्य वक्ता स्वतंत्र कुमार से परिचय कराया। कार्यशाला का विषय सड़क सुरक्षा था।
रिसोर्स पर्सन के रूप में थ्री एम इंडिया लिमिटेड ट्रैफिक सेफ्टी डिवीजन यूएसए के जीएम स्वतंत्र कुमार ने सड़क सुरक्षा से संबंधित पीपीटी के माध्यम से हर एक बिंदुओं को बारीकी से बताया। स्वतंत्र कुमार देश ही नहीं विदेशों में भी प्रशिक्षण देते हैं। धनबाद का जिक्र आर पर उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से संबंधित जो भी नियम तोड़ता है उस पर भारी शुल्क होना चाहिए। हेलमेट का प्रयोग और नकली हेलमेट बेचने वालों पर भी कार्रवाई करने की बात कही। सरकार की कई योजनाओं का हवाला देते हुए आम जनता को जागरूक होने की बात पर बल दिया।
कार्यशाला में विदेशों में रहने वाले धनबाद के निवासी भी जुड़े और सुझाव दिए। इनमें सृष्टि तिवारी फैशन डिजाइनर दुबई, अभिषेक झा इंजीनियर यूएसए, अजय कुमार इंजीनियर ओडिशा, दीपक गोस्वामी गुवाहाटी, निवेदिता गांगुली प्राचार्य डीएवी स्कूल अहमदाबाद प्रमुख रूप से शामिल हुए।
सभी ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी समस्या पर अपने विचार रखे। कार्यशाला में धनबाद के कई नागरिकों ने धनबाद में सड़क सुरक्षा से संबंधित धनबाद की प्रशासन को कई सुझाव दिए। धनबाद के समस्त नागरिकों ने मांग की यथासंभव ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था की जाए, जिससे समस्त धनबादवासियों की समस्या कम हो सके। उपस्थित सभी सदस्यों ने धनबाद की आम जनता से भी अपील की हम सबको मिलकर ट्रैफिक नियमों का पालन करना पड़ेगा, तभी धनबाद में बदलाव ला सकते हैं। कार्यशाला की विशेषता यह रही कि धनबाद के ऐसे नागरिक जो कि भारत वर्ष के अलग-अलग शहरों तथा दुनिया के अलग-अलग शहरों में रहते हैं, सभी लोग जुड़े। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, दुबई, अमेरिका, फ्रांस, रशिया जैसे जगहों से भी धनबाद के कई नागरिक जुड़े और सड़क सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा की।
पूजा रत्नाकर ने कहा कि प्रत्येक महीने के चौथे रविवार को मैं हूं धनबाद की बारा जन जागरण के लिए किसी न किसी विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने शपथ ग्रहण किया कि आज के बाद हम सभी ट्रैफिक रूल ना तोड़ेंगे न तोड़ने देंगे।
कार्यक्रम का समापन पूजा रत्नाकर ने सभी उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापन किया।