Jharkhand News झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निरसा सिंदरी और बाघमारा में महागठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाएं कीं। उन्होंने भाजपा पर झूठे वादे करने और झारखंडवासियों को गुमराह करने का आरोप लगाया। हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया विधवा और सरकारी कर्मचारियों को पेंशन दी और अधिवक्ताओं को पेंशन व स्वास्थ्य लाभ दिया।
जागरण टीम, कालूबथान/कतरास/ बलियापुर। Hemant Soren on Bjp: निरसा सीट से महागठबंधन के भाकपा माले प्रत्याशी अरूप चटर्जी, सिंदरी से लड़ रहे प्रत्याशी चंद्रदेव महतो और बाघमारा से कांग्रेस प्रत्याशी जलेश्वर महतो के समर्थन में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को सभाएं कीं। हेमंत ने कहा कि स्टार प्रचारक लाकर भाजपा बेवकूफ बना रही, झारखंडवासियों को गुमराह कर रही। उनके झांसे में नहीं आएं। निरसा के कलियासोल प्रखंड के बड़बाड़ी मैदान में हेमंत ने कहा कि भाजपा वाले झूठे वादे कर रहे।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
केंद्र में सरकार होने के बाद भी वह महंगाई पर लगाम नहीं लगा सकी। जनता को कम पैसे में कहां से गैस सिलेंडर देगी। हमारी सरकार बनी तो 24 घंटे बिजली मिलेगी, बिल भी नहीं आएगा। जितने लोगों पर बिजली का केस हुआ, उसे वापस लेने का काम किया जाएगा। जनता से कहा कि जहां भाजपा की सरकार है, वहां कम दाम में गैस सिलेंडर तो दिया नहीं जा रहा। यहां भी वह आपको छलने की जुगत में है।
भाजपा के शासनकाल में कर्ज माफी नहीं होने से कई किसानों ने आत्महत्या की। अलग राज्य बनने के बाद हमने किसानों को दो लाख रुपये तक ऋण माफ किया। विधवा व सरकारी कर्मचारियों को पेंशन दी। अधिवक्ताओं को पेंशन व स्वास्थ्य लाभ दे रहे।
हेमंत सोरेन ने कई योजना का किया जिक्र
पुरानी बातें दोहराते हुए मंईयां सम्मान योजना, चुनाव जीतने पर राशि बढ़ाकर साल में 30 हजार रुपये देने की बात कही। भाजपा पर फूट डालो राज करो नीति पर काम करने का आरोप मढ़ा। माले प्रत्याशी अरूप ने कहा कि भाजपा झारखंड की खनिज संपदा को गुजरात ले जाकर उद्योग लगा रही है, हमारे बेरोजगार भाई गुजरात जाकर काम कर रहे हैं। अब ऐसा नहीं होगा।
महागठबंधन सरकार निरसा विधानसभा क्षेत्र में ही इंडस्ट्रिइल एरिया बनाएगी। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, काराकाट के सांसद राजाराम सिंह, बासु हांसदा, लखी सोरेन आदि थे। मणिपुर में भाजपा सरकार, वहां तो सड़क पर महिलाओं पर हुआ अत्याचार बाघमारा कतरास क्षेत्र की पाथरगढ़िया टंकी मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी जलेश्वर महतो के समर्थन में सभा में कहा कि झारखंड में भाजपा हिंदू-मुस्लिम, घुसपैठ और माटी, बेटी, रोटी की बात कर लोगों को भड़का रही है। मणिपुर में उसकी ही सरकार है, देख लीजिए वहां क्या हुआ।
लोगों को बरगलाने के लिए दूसरे राज्य के मुख्यमंत्री यहां घूम रहे: हेमंत सोरेन
वहां तो महिलाओं पर सड़क पर अत्याचार किया गया। कर्नाटक में भाजपा नेता के बेटे ने अनगिनत महिलाओं का वीडियो बनाकर शोषण किया। भाजपाई कहते कुछ हैं और करते कुछ हैं। झारखंड में 20 साल डबल इंजन की सरकार रही। बावजूद कोई विकास नहीं हुआ। पांच सालों में हमने जो काम किया वह देख भाजपा घबरा गई। राज्य की जनता को बरगलाने के लिए दूसरे राज्यों के पांच मुख्यमंत्री हमारे प्रदेश में घूम रहे हैं। कह रहे हैं बटेंगे तो कटेंगे । इन लोगों ने यहां के जल जंगल जमीन को छीनकर व्यापारी मित्रों को सौंपने की नई नई रणनीति बनाई है।
मंईयां सम्मान योजना, मुफ्त बिजली देने की बातें यहां भी दोहराईं। यह भी कहा कि कोरोना काल में गरीब को भूखे मरने नहीं दिया। दाल भात योजना चलाई। केंद्र सरकार का कोई सहयोग नहीं मिला। उन्होंने प्रत्याशी जलेश्वर महतो को जिताने की अपील की। महागठबंधन सरकार को गरीबों व एनडीए को पूंजीपतियों की सरकार बताया।
केंद्र सरकार झारखंड व संविधान विरोधी
हेमंत सोरेन ने कहा कि संघ प्रमुख आरक्षण खत्म करने की बात करते हैं। वे केंद्र सरकार से आरक्षण पर विचार करने के लिए समिति का गठन करने की बात करते हैं, दोष आइएनडीआइए पर लगाते हैं। केंद्र सरकार झारखंड व संविधान विरोधी है। सीएम ने पूछा, राज्य सरकार का लाभ मिल रहा है, लोग बोले- हां बलियापुर हवाई पट्टी मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा ने झारखंड में 20 साल तक आदिवासी, मूलवासी पिछड़ों व मजदूरों का शोषण किया।
हेमंत सोरेन ने कहा कि पांच साल तक भाजपा ने हमारी सरकार को गिराने का षड्यंत्र किया। षड्यंत्र कामयाब नहीं हुआ तो जेल में डाल दिया। हमारी सरकार ने कोरोना महामारी का डटकर सामना किया। प्रवासी मजदूरों को उनके घर तक पहुंचाया। महामारी में हमने दो-दो मंत्रियों को खो दिया। सिंदरी के बीमार भाजपा विधायक का सरकारी खर्च पर इलाज कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपको बिल माफी, मंइयां सम्मान योजना, कृषि ऋण माफी का लाभ मिला तो जनता बोली हां हां। कहा कि हम सभी शिबू सोरेन, बिनोद बिहारी महतो व कामरेड एके राय के आदर्शों को आगे बढ़ाएं। यह बताया कि गुरुजी शिबू सोरेन अभी अस्वस्थ हैं। सिंदरी से भाकपा माले प्रत्याशी चंद्र देव महतो उर्फ बबलू महतो को विजयी बनाने की अपील की।
भाजपा लगातार कर रही संविधान पर हमले
भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि बिनोद बाबू व एके राय ने सिंदरी से राजनीतिक सफर शुरू किया। अलग झारखंड बनने के बाद सिंदरी क्षेत्र पूंजीपतियों की पार्टी के पास चला गया। भाजपा तो संविधान पर लगातार हमले कर रही। उसकी मंशा को सफल होने नहीं देंगे। सभा की अध्यक्षता भाकपा माले के पोलित ब्यूरो सदस्य पूर्व विधायक आनंद महतो, संचालन हरिप्रसाद पप्पू व निताई महतो ने किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।