Move to Jagran APP

जागरण पड़ताल : नगर निगम का हेल्पलाइन नंबर बिजी, शिकायत करने पर भी नहीं हो रहा समाधान Dhanbad News

नगर निगम ने एक आकस्मिक कोषांग का गठन किया। साथ ही एक हेल्पलाइन नंबर 9060447531 भी जारी किया गया था। वहीं लोगों ने बताया कि काफी देर तक फोन नहीं लगता है।

By Sagar SinghEdited By: Published: Sun, 05 Apr 2020 04:46 PM (IST)Updated: Sun, 05 Apr 2020 04:46 PM (IST)
जागरण पड़ताल : नगर निगम का हेल्पलाइन नंबर बिजी, शिकायत करने पर भी नहीं हो रहा समाधान Dhanbad News
जागरण पड़ताल : नगर निगम का हेल्पलाइन नंबर बिजी, शिकायत करने पर भी नहीं हो रहा समाधान Dhanbad News

धनबाद, जेएनएन। कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम में बचाव के लिए नगर निगम ने पांच दिन पहले आकस्मिक कोषांग का गठन किया। यह 14 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा। इसके लिए पदाधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है। सभी दो शिफ्ट में काम करेंगे। सुबह आठ से लेकर दोपहर दो बजे तक और दोपहर दो से शाम सात बजे तक आकस्मिक कोषांग में उपस्थित रहकर हेल्पलाइन नंबर 9060447531 पर प्राप्त होने वाली सूचनाएं रजिस्टर में दर्ज करेंगे और संबंधित पदाधिकारियों को सूचित करेंगे। लेकिन इस हेल्पलाइन नंबर की हवा निकल गई है। 

loksabha election banner

लोगों की शिकायत है कि काफी देर तक फोन नहीं लगता है, जब कोई उठाता है तो नाम-पता और समस्या सुनकर रख देता है। कर्मचारी फोन रिसीव कर यह जरूर कहते हैं कि उच्चाधिकारियों तक बात पहुंचा दी जाएगी। लोग अपनी समस्या के निष्पादन के लिए फोन तो कर रहे हैं, लेकिन समुचित उपाय न होने पर मायूस भी हो जा रहे हैं। कई वार्डों से शिकायत मिल रही है कि तीन दिन हो गए शिकायत किए, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला।

इन समस्याओं पर अधिक जोर : निगम के आकस्मिक कोषांग में प्रतिनियुक्त कर्मचारियों ने बताया कि सुबह से लेकर शाम तक 20 से 30 फोन आ रहे हैं। अधिकतर लोग कहते हैं कि उनके यहां की नाली गंदी है, फॉगिंग नहीं हुई, सैनिटाइज नहीं हुआ है। पार्षद सुनते नहीं, लॉकडाउन के बाद एक भी पार्षद हालचाल पूछने नहीं आए। राशन भी समय पर नहीं मिल रहा है। इसके अलावा कोरोना का प्रभाव जानने को लेकर भी प्रश्न पूछे जा रहे हैं।

शहर के कई वार्डों में जागरण ने की पड़ताल

  1. आइएन चंद्रो कॉलोनी में ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव नहीं हुआ है। सैनिटाइज कब होगा। नालियों से निकला गया कचड़ा नहीं उठ रहा है। निगम के हेल्पलाइन नंबर पर तीन दिन पहले शिकायत की गई थी, अभी तक कुछ नहीं हुआ। कहा गया कि मामले से वरीय अधिकारी को बता दिया जाएगा। - जितेंद्र कुमार, वार्ड नंबर 9
  2. सुबह से फोन लगा रहा हूं, लेकिन नंबर बिजी बता रहा है। थककर लगाना ही छोड़ दिया। - वार्ड 16, सोहन।
  3. दोपहर एक बजे के आसपास फोन लगाया था। कई बार रिंग गई, लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया। - अमित कुमार, वार्ड 23
  4. हमारे इलाके में अभी तक स्प्रे नहीं किया गया है। इसीलिए सुबह साढ़े 11 बजे निगम के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया था, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। - पप्पू कुमार, वार्ड 26
  5. दो तीन बार नंबर बिजी बताया। इसके बाद फोन रिसीव हुआ। ब्लीचिंग आधा-अधूरा होने और सफाई न होने पर जवाब मिला कि कल हो जाएगा। तीन दिन होने के बाद भी अभी तक कुछ नहीं हुआ। - संजय दास, वार्ड 26
  6. पांच से छह दफा फोन किया, लेकिन हर बार नंबर बिजी ही जा रहा था। मेरे मोहल्ले में कई समस्याएं थीं, इसका हल होना जरूरी था। - सीएच खालसा, वार्ड 21
  7. चिरागोड़ा श्मशान रोड में ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव न होने की जानकारी दी गई। उन्होंने पहले नाम, पता और मोबाइल नंबर पूछा। फिर पार्षद का नाम भी पूछा। बताया गया कल से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव शुरू हो जाएगा। - सपन बनर्जी, वार्ड 27

किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं :

सभी को स्पष्ट निर्देश दिया है कि इसमें किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोषांग के लिए 20 से अधिक सहायक कर्मियों को तैनात किया गया है। सभी से यह भी कहा गया है कि समय पर उपस्थित रहें। समस्याओं का निराकरण हो रहा है और नियमित होगा। - चंद्रमोहन कश्यप, नगर आयुक्त।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.