जोरदार बारिश से कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति, नालियों की सफाई को लेकर सारे दावे फेल Dhanbad News
गुरुवार को हुई जोरदार बारिश से कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बेकारबांध के पास अग्रवाल कॉलोनी पूरी तरह जलमग्न हो गया।
धनबाद, जेएनएन। गुरुवार को हुई जोरदार बारिश से शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बेकारबांध के पास अग्रवाल कॉलोनी पूरी तरह जलमग्न हो गया है। इसी तरह धैया मेन रोड पर सिम्फर के सामने वाली कॉलोनी में भी पानी भर गया है। कॉलोनी में घुसने वाले मुख्य मार्ग पर कई फीट तक पानी जमा हो जाने से लोगों को कमर तक पानी में डूबकर आना-जाना पड़ रहा है। इसी तरह बाबूडीह इलाके में भी काफी जलजमाव हो गया है। ऐसे में शहर की नालियों की सफाई को लेकर हो रहे सारे दावों की पोल खुल गई।
इससे पहले गुरुवार की सुबह से ही शहर के आसमान में बादलों ने डेरा जमाए रखा। दोपहर होते ही मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवा के साथ मानसूनी बादलों ने आसमान को घेर लिया और इसके साथ बारिश भी शुरू हो गई। हालांकि झारखंड में मानसून सक्रिय होने के बाद भी धनबाद और आसपास भारी बारिश का खतरा इस हफ्ते भी नहीं है। एक जून से अब तक मानसून सीजन के दौरान भी धनबाद में भारी बारिश नहीं हुई थी।
इधर, मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी थम-थम कर बारिश का अनुमान है। इसके बाद 11 और 12 जुलाई को धूप छांव के बीच बूंदाबांदी हो सकती है। 13 से 15 जुलाई के बीच फिर हल्की फुहारें बरस सकती हैं। इस दौरान वज्रपात की भी प्रबल संभावना है। इसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार कई दिनों तक वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। इसे लेकर एहतियात बरतना होगा।
धनबाद में अब तक 9 फीसद कम बारिश : एक जून से नौ जुलाई के बीच धनबाद में होनेवाली सामान्य बारिश में कमी आयी है। सामान्य बारिश का अनुपात 306.2 एमएम होना चाहिए जो अब तक 278 एमएम है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बारिश में 9 फीसद की गिरावट आई है।
सोमवार तक का संभावित तापमान
- गुरुवार- अधिकतम 31 न्यूनतम 24
- शुक्रवार- अधिकतम 33 न्यूनतम 26
- शनिवार- अधिकतम 35 न्यूनतम 27
- रविवार- अधिकतम 34 न्यूनतम 27
- सोमवार- अधिकतम 34 न्यूनतम 26