यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Dhanbad Rain Alert: धनबाद में 40 दिन और बरसेंगे बादल, अब तक 50 प्रतिशत अधिक बारिश
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर के कारण धनबाद में गरज के साथ बारिश शुरू हो गई है जिससे ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर से धनबाद में गरज के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। जोरदार बारिश से शहर की रफ्तार थम गई है। घर से बाहर निकले लोगों के कदम थम गए हैं।
तेज बारिश से बचने को जिसे जहां जगह मिली वहीं ठिठक गए हैं। मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। 24 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उसके बाद भी दो-दिन दिन बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
मानसून सीजन एक जून से 30 सितंबर तक होता है। 122 दिनों के मानसून सीजन के 82 दिनों में अब तक 1095.2 एमएम बारिश हो चुकी है जो औसत बारिश से 50 प्रतिशत अधिक है। अभी मानसून सीजन के 40 दिन और हैं। इस दौरान भी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
इन जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट
मौसम केंद्र रांची से जारी बुलेटिन में बताया गया कि बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बना हुआ है। मानसून ट्रफ भी बंगाल की खाड़ी तक औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला है।
इस सिस्टम के सक्रिय होने से धनबाद के साथ-साथ बोकारो, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज, कोडरमा व हजारीबाग जैसे जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कहीं-कहीं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। आसमानी बिजली गिरने के खतरे को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
निचले इलाकों में जलजमाव
तेज बारिश से शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गए हैं। निचले इलाकों में जलजमाव का खतरा बढ़ गया है। बरटांड़, बेकारबांध, बिशुनपुर, नावाडीह और भुईफोड़ के कई मोहल्ले की सड़कों पर कई फीट पर पानी जमा हो जाने से सड़कें दरिया बन गई हैं।
घरों और दुकानों में पानी घुसने का खतरा बढ़ गया है। दूसरी ओर, तेतुलतल्ला व आसपास की रेल कॉलोनी के कई आवासों में बारिश का पानी घुसने लगा है। धनबाद स्टेशन के दक्षिण छोर की सड़क पर जलजमाव के कारण दोपहिया वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है।
