धनबाद में युवती का सिर कटा शव मिलने से सनसनी, जादू-टोना और नरबलि की फैली अफवाह
धनबाद के बलियापुर स्थित ढांगी गांव के पास एक विवाहिता युवती का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।

जंगल में पड़े शव को देखती पुलिस और जुटे लोग। (फोटो जागरण)
HighLights
धनबाद के ढांगी गांव में मिला सिर कटा महिला का शव।
शव से 100 मीटर दूर प्लास्टिक बोरी में मिला कटा सिर।
लाल कपड़े, अगरबत्ती मिलने से नरबलि की अफवाह फैली।
संवाद सूत्र, बलियापुर(धनबाद)। ढांगी गांव के समीप खेरबड़िया नामक सुनसान एवं जंगली स्थान पर शुक्रवार की सुबह एक विवाहिता युवती का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका का शव जहां पड़ा था, उससे करीब 100 मीटर की दूरी पर एक खेत की आड़ में उसका कटा सिर प्लास्टिक की बोरी में भरा पड़ा था।
घटनास्थल पर जहां मृतका का धड़ पड़ा था, उसके ठीक दो-तीन मीटर दूर लाल कपड़ा और अगरबत्ती के टुकड़े पड़े थे। वहीं, धड़ के कटे गर्दन वाले स्थान पर मिट्टी से लेप कर दिया गया था।
मृतका का सिर जिस प्लास्टिक की बोरी में भरा पड़ा था, उससे करीब पांच-छह मीटर की दूरी पर एक नया लाल साल और महिलाओं द्वारा पहना जाने वाला गले का माला रखा था। इस कारण जादू-टोना और नरबलि की अफवाह तेजी से फैली।
जांच के लिए रांची से बुलाई गई पुलिस की स्पेशल टीम
बलियापुर थाना की पुलिस ने मृतका के धड़, कटे सिर और लाल सालू आदि अवशेषों को चूना से घेर दिया है, ताकि कोई उनसे छेड़छाड़ नहीं कर सके। मामले की विस्तृत जांच के लिए पुलिस रांची से स्पेशल टीम और खोजी कुत्ते के आने का इंतजार कर रही है।
शुक्रवार की सुबह किशोर कुमार महतो नामक युवक जब उधर शौच के लिए गया तो युवती का शव देखकर भयभीत हो गया। उसने गांव पहुंचकर लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने बलियापुर पुलिस को सूचना दी।
धड़ के पास मिले लाल कपड़ा और अगरबत्ती
सूचना मिलते ही बलियापुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अशोक कुमार सदल-बल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। घटनास्थल पर जहां मृतका का धड़ पड़ा था, उसके ठीक दो-तीन मीटर दूर लाल कपड़ा और अगरबत्ती के टुकड़े पड़े थे।
वहीं, धड़ के कटे गर्दन वाले स्थान पर मिट्टी से लेप कर दिया गया था। जबकि मृतका का सिर जिस प्लास्टिक की बोरी में भरा पड़ा था, उससे करीब पांच-छह मीटर की दूरी पर एक नया लाल सालू और महिलाओं द्वारा पहना जाने वाला गले का माला रखा था।
पुलिस ने मृतका के धड़, कटे सिर और लाल सालू आदि अवशेषों को चूना से घेर दिया है, ताकि कोई उनसे छेड़छाड़ नहीं कर सके। मामले की विस्तृत जांच के लिए पुलिस रांची से स्पेशल टीम और खोजी कुत्ते के आने का इंतजार कर रही है।
घटना की सूचना पाकर जेएलकेएम नेता आशीष महतो, झामुमो नेता जग्गू महतो, पूर्व मुखिया जंग बहादुर महतो समेत सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली।
अमावस्या के कारण घटना को नरबलि से जोड़ रहे लोग
बीती रात अमावस्या होने के कारण कुछ लोग मामले को नरबलि से जोड़ रहे हैं। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि कटे सिर से कुछ दूरी पर रास्ते के किनारे रखा लाल कपड़ा, गले का माला और अन्य सामान गुरुवार को ही देखा गया था।
मृतका की उम्र करीब 25-26 वर्ष बताई जा रही है। वह संभवतः करमाटांड़ स्थित बीसीसीएल कॉलोनी की रहने वाली थी। पुलिस इसकी पुष्टि के लिए करमाटांड़ कॉलोनी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच के लिए विशेष टीम और खोजी कुत्ते के पहुंचने का इंतजार कर रही है।
