Handpump Scam : कई रिटायर हो गए तो कुछ बदल गए, अब शोकाॅज को लेकर माथा पीट रहे नए हेडमास्टर
Handpump Boring Scam 149 स्कूलों के हेडमास्टरों को शोकाॅज किया गया है। ऐसे में संबंधित स्कूलों में इन छह-सात वर्षों में कई हेडमास्टर बदल गए तो कई रिटायर भी हो गए।
धनबाद, जेएनएन। Handpump Boring Scam चापाकल बोरिंग घोटाले में 149 स्कूलों के हेडमास्टरों व विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष को शोकाॅज किया गया है। विभाग में बोरिंग घोटाले के लगे आरोप में स्कूल को अपना पक्ष रखना है। केवल इतना ही नहीं इस संबंध में अपना शपथ पत्र भी जमा करना है। वर्ष 2013-14 में जिले के 162 स्कूलों में चापाकल बोरिंग के लिए फंड आवंटित हुआ था। इनमें से 12 ने राशि वापस कर दी। 149 स्कूलों को शोकॉज किया गया। इसके लिए समय भी दिया गया।
संबंधित स्कूलों में इन छह-सात वर्षों में कई हेडमास्टर बदल गए तो कई रिटायर भी हो गए। कई स्कूलों में तो नए प्रभारी प्रधानाचार्यों ने प्रभार संभाल लिया। अब नए हेडमास्टर को विभाग के शोकॉज का जवाब देना है। अब नए प्रधानाध्यापक माथा पीट रहे हैं। कई प्रधानाध्यापक ने तो एक साल के अंदर प्रभार लिये हैं। कुछ प्रधानाध्यापकों का कहना है कि मै उस समय प्रभार में नहीं था तो फिर शपथ पत्र क्यों दूं। विभाग तत्कालीन प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करें।
शहर के स्कूलों की सूची में बालवाड़ी स्कूल मध्य विद्यालय धैया, भूली नगर, राजकीय मध्य विद्यालय मनईटांड़, आदर्श हिन्दी मध्य विद्यालय पुराना बाजार, बरमसिया, लोवाडीह, उच्च विद्यालय कोलाकुसमा, मध्य विद्यालय सरायढेला, कोलवाशरी, अनाथ स्कूल, कुसुमदाहा बगुला, प्राथमिक विद्यालय वासेपुर, प्राथमिक विद्यालय गंसाडीह, मदनाडीह, मध्य विद्यालय पुटकी समेत अन्य स्कूल शामिल हैं। वहीं जिला शिक्षा अधीक्षक इंद्र भूषण सिंह ने बताया कि स्पष्टीकरण में सभी प्रभारी प्रधानाध्यापकों और विद्यालय प्रबंधन समिति को जवाब देना है। वहीं जो प्रभारी प्रधानाध्यापक सीधे तौर पर इससे जुड़े थे और सेवानिवृत हो चुके हैं। उनके पते पर शोकॉज भेजा जा रहा है।