लालू को मदद की याद दिला जीतनराम मांग रहे बिहार में 20 सीट, कांग्रेस को बताया कमजोर
पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने दावा किया है कि उन्होंने बुरे वक्त में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को काफी मदद की है, इसलिए वे रांची जाकर लालू प्रसाद यादव से मिलेंगे।
धनबाद, जेएनएन। बिहार में राजग के खिलाफ बने महागठबंधन में शामिल हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा( हम) के अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री तीजन राम मांझी कांग्रेस को कमजोर करार देते हुए खुद की पार्टी के लिए 20 लोकसभा सीटों की मांग की है। उन्होंने कहा है कि वे जेल में बंद राजद सुप्रीमो लालू प्रयाद यादव से मिलकर बिहार में महागठबंधन में शामिल दलों के बीच लोकसभा सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर बात करेंगे।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने दावा किया है कि उन्होंने बुरे वक्त में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को काफी मदद की है, इसलिए वे रांची जाकर लालू प्रसाद यादव से मिलेंगे और आगामी चुनाव में होने वाले महागठबंधन पर चर्चा करेंगे। मांझी को यह उम्मीद भी है कि लालू प्रसाद पुराने दिनों को भूले नहीं होंगे। उनकी बात को जरूर मानेंगे। बुधवार को धनबाद पहुंचे जीतन राम मांझी ने परिसदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पुलवामा मामले में कार्रवाई नहीं करने के लिए कोसा। मांझी ने कहा कि पुलवामा में हुए हमले के बाद भाजपा और उसके सहयोगी दल चुनाव मुद्दा खोज रहे हैं। एक ओर शहीदों के शव लाए जा रहे थे, तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री ताबड़तोड़ रैली करने में जुटे थे। मांझी ने भारत सरकार से पाकिस्तान के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने की मांग की और कहा कि सरकार जुबानी तीर छोडऩा बंद करे। कांग्रेस को बिहार में कमजोर बताते हुए कहा कि हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा के सामने कांग्रेस कहीं नहीं टिकती। वे मानते हैं कि प्रियंका गांधी के कांग्रेस में आने से पार्टी मजबूत हुई है। मांझी ने दावा किया है कि आने वाले चुनाव में उनकी पार्टी बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में चुनाव लड़ेगी। बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी अपनी पार्टी हम के लिए आधी सीटें मांग रहे हैं।