रेल चली तो जिंदगी के नए सफर पर निकले कोलकाता में फंसे दूल्हा-दूल्हन, यात्रियों का मिला आशीष Dhanbad News
गोविंदपुर के व्यवसायी अशोक अग्रवाल के बेटे कृष्णा की बरात 24 मार्च को कोलकाता पहुंची थी। शादी चल ही रही थी कि पीएम नरेंद्र मोदी ने कोरोना से बचाव के लिए लॉकडाउन की घोषणा कर दी।
धनबाद, जेएनएन। वैसे तो अपनी-अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए नए-नए तरीके तलाशे जाते हैं मगर कृष्णा और काजल की शादी को लॉकडाउन ने यादगार बना दिया। जिस दिन बरात पहुंची उसी दिन लॉकडाउन की घोषणा हो गई। ट्रेनें समेत तमाम गतिविधियां बंद हो गईं। दुल्हन के घर पर दूल्हा समेत पूरी बरात अटक गई। पूरे 48 दिनों के बाद मंगलवार को हावड़ा से स्पेशल ट्रेन चली। इससे नव दंपती धनबाद आए। उनका स्वागत करने लड़के के पिता खुद स्टेशन पहुंचे थे। दूल्हा-दुल्हन ने चरण स्पर्श का रिवाज स्टेशन पर ही पूरा किया। इसके बाद नई दुल्हन ससुराल के लिए निकल पड़ी।
गोविंदपुर के व्यवसायी अशोक अग्रवाल के बेटे कृष्णा की बरात 24 मार्च को कोलकाता पहुंची थी। शादी समारोह चल ही रहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा कर दी। इस वजह से दुल्हन के घर पर दूल्हा समेत पूरी बरात अटक गई। ससुराल में रहकर कृष्णा घर वापसी का इंतजार कर रहे थे। आखिरकार इंतजार की घडिय़ां खत्म हुईं और स्पेशल ट्रेन उन्हें घर ले आई।
जल्दी करो, घर में सब इंतजार कर रहे हैं : दूूल्हे के पिता दो घंटे पहले ही स्टेशन पहुंच गए थे। जैसे ही उनकी नजर बाहर निकलते बेटा और बहू पर पड़ी तो लपक कर आगे चले गए। उन्हें देखते ही बेटा-बहू ने पांव छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने दोनों के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया और बोले- जल्दी गाड़ी में बैठो, घर पर सभी इंतजार कर रहे हैं।
होना पड़ेगा 14 दिनों के लिए होम क्वारंटाइन
डेढ़ महीने से ज्यादा समय तक ससुराल में फंसे कृष्णा को अब अपने घर पर 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन होना पड़ेगा। उसके साथ-साथ नई नवेली दुल्हन को भी होम क्वारंटाइन किया जाएगा।
नई दुल्हन है ख्याल रखना
धनबाद स्टेशन पर हावड़ा से आए कई अन्य यात्रियों को लेने के लिए उनके परिजन पहुंचे थे। स्टेशन के बाहर उनकी भीड़ लगी थी। जैसे ही उन्हें पता चला कि यात्रियों में एक नव दंपती है तो उन्हें देखने की होड़ लग गई। एक बुजुर्ग ने कहा- नई दुल्हन है, ठीक से ख्याल रखना।