सहेलियों के घर मिटाई बंटी तो दुखी हुई इंटर में फेल छात्रा, रेल लाइन पर कटकर दी जान Dhanbad News
सीमा कतरास कॉलेज में इंटर विज्ञान में पढ़ती थी। इस वर्ष उसने फाइनल परीक्षा दी थी। शुक्रवार को रिजल्ट प्रकाशित होने के बाद वह भौतिकी शास्त्र में फेल कर गई।
तेतुलमारी, जेएनएन। शनिवार की सुबह धनबाद- गोमो रेल मार्ग में तेतुलमारी गया पुल के समीप रेल पटरी पर एक किशोरी का शव क्षत विक्षत हालत में मिला। उसकी पहचान राजगंज के दलदली निवासी बारहवीं की छात्रा सीमा कुमारी के रूप में हुई। रेल पुलिस व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। सीमा विवाद के कारण घंटों शव रेल लाइन पर पड़ा रहा। बाद में क्षेत्राधिकार का मसला हल होने के बाद तेतुलमारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया।
दूसरे घर मिठाई वितरण देख निराश थी सीमा
छात्रा के भाई सुभाष रजवार ने बताया कि सीमा कतरास कॉलेज में इंटर विज्ञान में पढ़ती थी। इस वर्ष उसने फाइनल परीक्षा दी थी। शुक्रवार को रिजल्ट प्रकाशित होने के बाद वह भौतिकी शास्त्र में फेल कर गई। गांव की अन्य छात्राओं ने भी परीक्षा दी थी, जो पास कर गई। सभी के घर में मिठाइयां बांटी गई। यह देख सीमा वापस अपने घर आई और किसी से कुछ बताए बगैर घर से निकल पड़ी। रात भर काफी खोजबीन की गई। खोजते हुए हम लोग रेल लाइन के ऊपर जैसे चढ़े थे, तभी छात्रा की चप्पल रेल पटरी के किनारे गिरा देखा। सामने जाकर देखा तो छात्रा की लाश पड़ी हुई थी। यह देख हम लोगों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
माता-पिता के निधन के बाद मामा घर में रहती थी छात्रा
लड़की के माता-पिता की मौत कई वर्ष पूर्व हो थी। पैतृक गांव पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले में है। राजगंज के दलदली गांव में मामा के यहां रहकर पढ़ाई करती थी। जबकि उसका भाई बोकारो में मजदूरी का काम करता है। भाई ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व वह दलदली आया था।