Jharkhand: जमशेदपुर में पेड़ से लटका मिला गिरिडीह के युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक आर्थिक रूप से बहुत कमजोर था। बचपन में ही उसके पिता बढ़न पांडेय तथा मां का स्वर्गवास हो गया था। किसी तरह वह अपनी आजीविका चलाता था।
गिरिडीह, जेएनएन। सरिया थाना अंतर्गत कोयरीडीह पंचायत के मायापुर निवासी 35 वर्षीय विजय कुमार पांडेय की हत्या जमशेदपुर में कर दी गई। उसका शव बुधवार सुबह पैतृक गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार चीत्कार मच गया। स्थानीय विधायक विनोद कुमार सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे तथा परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
विजय जमशेदपुर के कव्वाली थाना क्षेत्र के नायकसाईं स्थित बलविंदर कौर के क्रशर में बतौर मुंशी काम करता था। बीते सोमवार सुबह परिजनों को दूरभाष पर सूचना मिली कि विजय का शव क्रशर से लगभग 500 मीटर दूर एक तालाब के किनारे पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही मृतक के चाचा उदित पांडेय, ग्रामीण रमेश पांडेय सहित कई लोग जमशेदपुर पहुंचे। वहां शव की पहचान की गई। मृतक के चाचा उदित पांडेय ने कव्वाली थाना में हत्या का मामला दर्ज कराया है। जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं बुधवार सुबह परिजन शव क गांव लाया और अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतक आर्थिक रूप से बहुत कमजोर था। बचपन में ही उसके पिता बढ़न पांडेय तथा मां का स्वर्गवास हो गया था। किसी तरह वह अपनी आजीविका चलाता था। परिजनों का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी विनीता देवी तथा दो-दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है ।