विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गिरिडीह साइबर थाना के बाहर 30 हजार की रिश्वत लेते दारोगा गिरफ्तार, धनबाद ACB ने की कार्रवाई

Published: Wed, 09 Sep 2026 02:20 PM (IST)

गिरिडीह में धनबाद एसीबी ने साइबर थाने के सब इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

HighLights

  1. गिरिडीह में साइबर थाने के सब इंस्पेक्टर रिश्वत लेते गिरफ्तार।

  2. धनबाद एसीबी ने पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार के साथ पकड़ा।

  3. यह गिरफ्तारी साइबर थाना के बाहर एक होटल के पास हुई।

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। एसीबी धनबाद की टीम ने भ्रष्टाचार के मामले में गिरिडीह में बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाने के सब इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गाैतम को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने उन्हें साइबर थाना के बाहर गेट के पास एक होटल के समीप से पकड़ा। 

अहिल्यापुर के चिकसोरिया गांव निवासी आरोपित जीवलाल मंडल के स्वजन से एसआइ पुनीत कुमार केस डायरी कोर्ट भेजने के मामले में मदद करने के एवज में रिश्वत ले रहे थे। इसी क्रम में वहां जीवलाल के स्वजनों के साथ सादे लिबास में मौजूद एसीबी के अधिकारियों व पुलिस के जवानों ने उन्हें रिश्वत की रकम लेते हुए रंगेहाथ धर दबोचा और अपने साथ धनबाद ले गए।

जीवलाल मंडल के खिलाफ साइबर अपराध से संबंधित एक प्राथमिकी साइबर थाना में 24/26 के तहत दर्ज है जिसमें जीवलाल मंडल पिछले एक से डेढ़ माह से जेल में बंद है। इसी मामले में केस डायरी कमजोर करने व कोर्ट भेजने के एवज में जीवलाल के स्वजनों से आठ दिन पूर्व दो लाख रुपये की डिमांड की गई थी।

इसके बाद इस मामले की शिकायत धनबाद एससीबी में की गई थी। एसीबी की टीम ने शिकायत दर्ज करते हुए मामले की जांच की जिसमें आरोप सही पाया गया। इसके बाद पूरा मामला 35 हजार रुपये में डील किया गया था लेकिन जीवलाल के स्वजनों की ओर से 30 हजार रुपये ही जुगाड़ हो सका था और बुधवार का दिन रिश्वत की रकम देने को निर्धारित किया गया था।

जीवलाल के स्वजनों ने उक्त रकम पहले एसीबी में जमा किया जहां से उसे केमिकल लगा हुआ नोट दिया गया। साथ ही सादे लिबास में एसीबी के कुछ अधिकारी व जवान रिश्तेदार बनकर साथ गए जबकि टीम में शामिल अन्य अधिकारी व जवान आसपास ही मौजूद रहे।

इसी बीच एसआइ पुनीत को उक्त रकम लेने के लिए बोला गया तो उसने गेट के बाहर होटल के पास रहने को कहा। इसके बाद एसआइ होटल के पास पहुंचे और वहीं जीवलाल के स्वजनों से रिश्वत की रकम लेने लगे, तभी वहां साथ में मौजूद एसीबी के अधिकारी व जवानों ने एसआइ को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगेहाथ धर दबोचा। इसके बाद एसीबी की टीम आरोपित एसआइ पुनीत कुमार को अपने साथ धनबाद ले गई।