सांसद ने विदेश मंत्री को पत्र लिखकर झारखंड के 33 मजदूरों की सकुशल वापसी की लगाई गुहार
गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर प्रसाद से झारखंड के मजदूरों की सकुशल वापसी की गुहार लगाई है। चंद्रप्रकाश ने विदेश मंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि दक्षिण अफ्रीका के माली में झारखंड के हजारीबाग और गिरिडीह के 33 मजदूर फंसे हुए हैं।
जागरण संवाददाता, धनबाद : गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर प्रसाद से झारखंड के मजदूरों की सकुशल वापसी की गुहार लगाई है। चंद्रप्रकाश चौधरी ने विदेश मंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि दक्षिण अफ्रीका के माली में झारखंड के हजारीबाग और गिरिडीह के 33 मजदूर फंसे हुए हैं। ये मजदूर माली में रोजगार करने गए थे। इन्हें वहां वेतन भी नहीं मिल रहा है।
इनकी पास की जमा पूंजी भी खत्म हो चुकी है। सभी वहां फस चुके हैं। गिरिडीह लोकसभा के छह मजदूर भी इन 33 मजदूरों में शामिल हैं। इनके स्वजन इन्हें वापस लाने का आग्रह कर रहे हैं। विभिन्न स्त्रोतों से गिरिडीह और हजारीबाग के 33 मजदूरों के वहां फंसे होने की बात सामने आई है।
इनकी सूची भी संलग्न की जा रही है। इसलिए आग्रह है कि मजदूरों की सकुशल वापसी सुनिश्चित की जाए। सांसद चंद्र चौधरी ने इस बात की जानकारी अपने ट्विटर हैंडल पर साझा की है। सांसद ने इसमें लिखा है कि दक्षिण अफ्रीका के माली में फंसे झारखंड के 33 मजदूरों की सकुशल वतन वापसी के लिए विदेश मंत्री को पत्राचार कर अवगत कराया है। आशा है सभी मज़दूर जल्द वापस घर लौटेंगे। यहां बता दें कि गिरिडीह लोकसभा में धनबाद के दो विधानसभा टुंडी और बाघमारा आते हैं।