Giridih Crime: मुंबई से कमा कर दो दिन पहले ही घर लौटा था पति, यहां पत्नी ने पत्थर से कूच कर ले ली जान
बगोदर थाना से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित औरा पंचायत के दामा गांव में घर लौटना एक युवक के लिए अंतिम सफर साबित हुआ। उसकी जिंदगी किसी और ने नहीं बल्कि उसकी अपनी पत्नी ने ही छीन ली। युवक मुंबई से कमा कर अपने घर-परिवार के पास आया था।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह: बगोदर थाना से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित औरा पंचायत के दामा गांव में घर लौटना एक युवक के लिए अंतिम सफर साबित हुआ। उसकी जिंदगी किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी पत्नी ने ही छीन ली। युवक मुंबई से कमा कर सुकून के पल बिताने के लिए अपने घर-परिवार के पास आया था, लेकिन उसे कहां मालूम था कि घर पर मौत उसका इंतजार कर रही है।
पत्थर से कूच कर ले ली जान, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पत्नी ने पत्थर से कूच कर अपने पति की हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना सोमवार देर रात की है। मृतक 35 वर्षीय रामचंद्र महतो काम की तलाश में मुंबई में रहता था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित पत्नी कौशल्या देवी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना की सूचना पर बगोदर के प्रभारी थाना प्रभारी संतोष कुमार मौर्या मंगलवार की सुबह पुलिस बल के साथ दामा गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ली। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। बताया जाता है कि युवक दो दिन पहले ही अपने घर लौटा था। इधर, उसकी पत्नी अपने मायके में रहती थी। पति के घर आने पर वह अपने ससुराल पहुंची थी। सोमवार की देर रात जब पति सो रहा था तो उसने उसे पत्थर से कूचकर मार डाला। ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस शव को कब्जे में लेकर बगोदर थाना ले गई है। इधर, युवक की हत्या से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अवैध संबंध में हत्या की चर्चा
बताया जाता है कि महिला ने अवैध संबंध में अपने पति की जान ले ली। दंपती के दो बच्चे भी हैं। वह महिला के साथ ही रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पति की गैर मौजूदगी में कौशल्या देवी का किसी और से संबंध बन गया था। इसलिए पति के घर लौटने से वह खुश नहीं थी। इधर, सोमवार की रात जब दोनों में झगड़ा हुआ तो अंत पति की हत्या के बाद हुआ।