Giridih Coroavirus News Update: कोरोना ने अधिवक्ता समेत दो की ली जान, अब तक 7 की माैत
Giridih Coroavirus News Update नगीना सिंह रोड में रहने वाले अधिवक्ता व पूर्व वार्ड पार्षद का निधन रविवार सुबह हो गया। वे कोरोना संक्रमण के शिकार थे और अपने आवास पर ही आइसोलेट थे।
गिरिडीह, जेएनएन। Giridih Coroavirus News Update गिरिडीह जिले में अधिक्ता समेत दो लोगों की मौत कोरोना संक्रमण से हो गई है। शहर के नगीना सिंह रोड में रहने वाले अधिवक्ता व पूर्व वार्ड पार्षद का निधन रविवार की सुबह अपने आवास पर हो गया। वे कोरोना संक्रमण के शिकार थे और अपने आवास पर ही आइसोलेट थे। उनके निधन की सूचना मिलने पर प्रशासनिक पदाधिकारी उनके आवास पहुंचे। आवास को सील कर दिया गया है। परिवार के सभी सदस्यों को आइसोलेट कर दिया गया है। अधिवक्ता जनसंघ से भी जुड़े थे। विभिन्न धार्मिक संस्थानों से भी उनका रिश्ता था। उनके निधन पर लोगों ने गहरा दुख प्रगट किया है।
कोरोना से दूसरी माैत राजधनवार में हुई है। गुंडरी के रहने वाले 58 वर्षीय कोरोना संक्रमित की मौत शुक्रवार को अपने आवास पर हो गई। वे पहले से कोरोना संक्रमित थे। उनकी दुबारा कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव थी, जो उनके निधन के दूसरे दिन शनिवार को मिली थी। परिवार के लोगों ने शुक्रवार को ही उनका अंतिम संस्कार कोरोना के नियमों का पालन करते हुए कर दिया। उनके गांव को सील कर दिया गया है। परिवार के अन्य सभी सदस्यों की कोरोना जांच कराई जा रही है।
गिरिडीह में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। अब तक कोरोना से 7 लोगों की माैत हो चुकी है।