Giridih News: खिड़किया मोड़ विस्फोट कांड में बड़ा खुलासा, घर के अंदर था विस्फोटकों का गोदाम; नाहक में चली गई 4 की जान
Giridih Blast Case पूर्व माले विधायक राजकुमार यादव ने रविवार को जब सख्ती से पूछताछ की तो बुधन राय ने पूरे मामले का खुलासा किया। स्वीकार किया कि घर के एक कमरे को पूना यादव को किराये पर दिया था। उसमें विस्फोटकों का भंडारण होता था।

गिरिडीह, जेएनएन। तिसरी के खिड़किया मोड़ स्थित बुधन राय का आवास शनिवार की रात विस्फोटकों के विस्फोट करने से जमींदोज हुआ था। इस विस्फोट में बुधन राय की पत्नी, बहू एवं दो पोतों की मौत हो गई थी। बुधन राय के घर पर पर अवैध विस्फोटकों का गोदाम था। अवैध पत्थर एवं माइका खदानों में विस्फोटकों की आपूर्ति करने वाले तिसरी के खिरोध गांव निवासी पूना यादव ने बुधन राय के आवास को किराए पर लेकर विस्फोटकों का गोदाम बनाया था। यहीं से वह तिसरी एवं गावां के खदानों में विस्फोटकों की आपूर्ति करता था। घटना के बाद पूना यादव फरार है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पूर्व विधायक ने सख्ती से पूछताछ तो हुआ खुलासा
पूर्व माले विधायक राजकुमार यादव ने रविवार को जब सख्ती से पूछताछ की तो बुधन राय ने पूरे मामले का खुलासा किया। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी भी रविवार की सुबह बुधन राय से मिले और जानकारी ली। उन्होंने उच्चाधिकारियों से बात करने का भरोसा दिया। इधर पुलिस ने पूना यादव की तलाश शुरू कर दी है। शनिवार की रात करीब नौ बजे खिड़किया मोड़ में विस्फोट से एक आवास पूरी तरह से जमींदोज हो गया था।
घटना में चार की माैत
घटना में वर्षीय भुखली देवी, उसकी 30 वर्षीय बहू सुनीता देवी, सुनीता देवी के पांच साल का पुत्र अंकित कुमार एवं एक माह के नवजात पुत्र की मौत हो गई थी। रात करीब नौ बजे गांव के अधिकांश घरों में लोग खाना खाकर सोने चले गए थे। तभी तीन जोरदार विस्फोट हुआ था। विस्फोट इतना जोरदार था कि करीब दो किमी. की दूरी में इसकी आवाज सुनाई पड़ी थी। इस विस्फोट में बुधन राय का पूरा घर जमींदोज हो गया था। इस हादसे में बुधन राय एवं उसके बड़े बेटे का पुत्र रोहित राय बाल-बाल बच गया था। रोहित राय ट्यूशन पढ़ने के लिए जबकि बुधन राय शौच के लिए बाहर गया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।