मतदान के बाद ऊंगली पर स्याही का निशान दिखाइए, पार्क में निश्शुल्क प्रवेश पाइए Dhanbad News
धनबाद नगर निगम मतदान करने के बाद ऊंगली पर अमिट स्याही के साथ आने वाले मतदाताओं को शहर के पार्कों में निश्शुल्क प्रवेश देगा। ऐसा मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने को किया गया।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 मतदाताओं को जागरूक करने की नीयत से नगर निगम ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। नगर निगम मतदान करने के बाद ऊंगली पर अमिट स्याही के साथ आने वाले मतदाताओं को शहर के पार्कों में निश्शुल्क प्रवेश देगा। धनबाद जिले के सभी छ: विधानसभा सीटों पर 16 दिसंबर को मतदान होना है।
नगर आयुक्त चंद्रमोहन कश्यप ने इसके लिए आदेश जारी किया है। मतदान वाले दिन ऊंगली पर स्याही का निशान दिखाकर लोग शहर के बिरसा मुंडा पार्क, लिलौरी स्थान पार्क कतरास और राजेंद्र सरोवर बेकारबांध पार्क में निश्शुल्क प्रवेश कर सकेंगे। इन पार्कों में अभी 10 से 20 रुपये प्रवेश शुल्क लिया जाता है।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि ऐसा मतदान के प्रति लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करने की नीयत से किया गया है। इससे लोगों की सोच में भी बदलाव आएगा और लोग घरों से निकलकर मतदान करेंगे।