विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काम की खबर: गया में विकास कार्य के चलते गंगा-दामोदर और कोशी एक्सप्रेस का रूट डायवर्ट

By Tapas Banerjee Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Sun, 03 May 2026 10:59 PM (IST)

Indian Railway Update: गया स्टेशन पर विकास कार्यों के कारण गंगा-दामोदर और कोशी एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग 16 मई तक ...और पढ़ें

गया में काम के कारण गंगा-दामोदर और कोशी एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तन। (प्रतीकात्मक फोटो)।

गया में काम के कारण गंगा-दामोदर और कोशी एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तन। (प्रतीकात्मक फोटो)।

जागरण संवाददाता, धनबाद। पटना से गया होकर चलने वाली स्पेशल ट्रेनों के बाद अब रेलवे ने गंगा दामोदर एक्सप्रेस का रूट भी रविवार से बदलने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही गोमो व बोकारो होकर चलने वाली हटिया-पटना-पूर्णिया कोर्ट कोशी एक्सप्रेस का मार्ग भी बदल दिया गया।

गया स्टेशन पर विकास कार्याें के कारण दोनों ट्रेनें 16 मई तक गया के बदले बंधुआ व तिलैया होकर चलेंगी। गंगा-दामोदर एक्सप्रेस बंधुआ से मार्ग परिवर्तित कर चलेगी तथा गया नहीं जाएगी। यह ट्रेन जट डुमरी, तिलैया के रास्ते चलेगी।

वहीं, कोशी एक्सप्रेस का मार्ग बदलने से गया व पटना दोनों स्टेशन पर नहीं जाएगी। यह ट्रेन बंधुआ, पैमार, तिलैया, राजगीर करनौती व बख्तियारपुर के रास्ते चलेगी। शादी-विवाह वाले सीजन में एकाएक ट्रेनों का मार्ग बदलने से यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी।

इससे पहले पटना-चर्लपल्ली तथा चर्लपल्ली से पटना के बीच चलने वाली तीन स्पेशल ट्रेनों के मार्ग बदले जा चुके हैं। 16 मई तक धनबाद-पटना इंटरसिटी समेत आठ ट्रेनों से दो जनरल कोच कम कर दिए गए हैं।

17 मई तक गंगा दामोदर में टिकटों की बुकिंग

मार्ग परिवर्तन के कारण रेलवे ने धनबाद से पटना जानेवाली गंगा दामोदर एक्सप्रेस में 16 मई तक धनबाद से बंधुआ के लिए टिकटों की बुकिंग भी शुरू कर दी है। वापसी में बंधुआ से धनबाद के बीच 17 मई तक सभी श्रेणियों में आरक्षण उपलब्ध है। बंधुआ से पटना के बीच अन्य स्टेशन के लिए टिकट नहीं मिलेंगे।