गाैरी लंकेश के बहाने MCC के निशाने पर उद्योगपति प्रदीम खेमका, गिरफ्तारी के लिए बनाया जा रहा दबाव Dhanbad News
उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ज्ञापन दिया गया। इसमें कहा गया है कि गौरी लंकेश की हत्या के आरोपित राजेश को कतरास के उद्योगपति प्रदीप खेमका ने संरक्षण दिया था।
धनबाद, जेएनएन। मार्क्सवादी समन्वय समिति ने पत्रकार गौरी लंकेश, डॉ. नरेंद्र डाभोलकर, गोविंद पनसरे और एमएम कुलबर्गी की हत्या करने वाले राजेश देवडीकर को संरक्षण देने वाले उद्योगपति प्रदीप खेमका की गिरफ्तारी की मांग राज्य की नई सरकार से की है।
मासस ने शनिवार को डीसी अमित कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस बाबत ज्ञापन दिया। उसमें कहा गया है कि गौरी लंकेश समेत प्रमुख लोगों के हत्या के आरोपित राजेश को कतरास के उद्योगपति खेमका ने संरक्षण दिया था। पिछले दिनों राजेश देवडीकर उर्फ ऋषिकेश उर्फ मुरली उर्फ शिवा को बेंगलुरु की एसआइटी ने कतरास से धर दबोचा था। मामले में उद्योगपति की गिरफ्तारी न होना कानून व नैतिकता पर प्रश्न है। सरकार मांग करती है अमीरों को भी कानून के दायरे में आना चाहिए।
धरना को संबोधित करते हुए मासस के केंद्रीय महासचिव हलधर महतो ने कहा कि देश में आतंक का माहौल है। भाजपा अपने विरोधियों का मुंह बंद करने के अभियान में लगी है। गौरी लंकेश समेत सभी को जीवन से हाथ धोना पड़ा। सभी की हत्या करने वाले को कतरास में सनातन धर्म के संचालक के घर से गिरफ्तार किया गया। लेकिन उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई। क्योंकि भाजपा सरकार ने पहल नहीं की। राज्य की नई सरकार इस मामले में शिथलता दिखाती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मार्क्सवादी युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष पवन महतो ने की। धरना में शेख रहीम, जेके झा, बिरू महतो, अमरदीप महतो, सुभाष मुर्मू, कार्तिक महतो, ठाकुर धनंजय महतो, याकुब अंसारी, राणा चटराज, शेख कलाम, चंद्रीका महतो, शत्रुघ्न पासवान, मुनीत राय, पन्नालाल, सागर महतो, मनोज मोदक, राम पूजन दास, अमर सिंह, अमित सिंह, पप्पू सिंह, सत्या महतो, कमलेश कुमार, संदीप बाउरी, राजू सिंह, बिरू दास, ठाकुर बाउरी, हरिचरण महतो, अजय चौहान, सूरज कुंभकार, अंकुश शंकर, दुर्गा रवानी, रामजी भुइयां, सुभाष सिंह, सुनील महतो, धीरज शर्मा, सोमनाथ चक्रवर्ती, बिजेंद्र पासवान, विकास कुमार आदि शामिल थे।