विदेश में नाैकरी के नाम पर पति से ठगे दो लाख, पत्नी की इज्जत भी लूट ली
महिला ने कुमारधुबी ओपी में पुलिस को बताया कि उसके पति को तीन साल पहले विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा बिहार के रहने वाले मो. निहाज नामक युवक ने दिया था।
कुमारधुबी, जेएनएन। चिरकुंडा के रहने वाले एक व्यक्ति से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी कर ली गई। रकम वापस मांगने गई उसकी पत्नी को दुर्गापुर में रुपये वापस देने की बात कह ठग और उसके चार साथी उसके घर से कार में ले गए। उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। रास्ते में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। कुमारधुबी ओपी क्षेत्र के पॉपुलर नर्सिंग होम के पास नशे में पड़ी इस पीड़िता को कुमारधुबी पुलिस ने नर्सिंग होम में भर्ती करा उसका उपचार कराया। पुलिस मामले की छानबीन में लगी है।
महिला ने कुमारधुबी ओपी में पुलिस को बताया कि उसके पति को तीन साल पहले विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा बिहार के रहने वाले मो. निहाज नामक युवक ने दिया था। हमारे पति से दो लाख रुपये भी इसके लिए ले लिए। जब नौकरी नहीं लगी तो उससे रकम वापस करने की मांग की। रविवार की रात करीब दस बजे अपने चार साथियों के साथ निहाज हमारे घर कार लेकर आया। हमसे कहा कि रुपये वापस कर देंगे। बस दुर्गापुर तक चलना है। वह तुरंत उनके साथ चल दी। इन लोगों ने उसे कार में बैठाया। उसे आसनसोल ले गए। वहां जब उसे प्यास लगी तो निहाज ने कोल्डड्रिंक पिलाई। इसे पीते ही उसे नशा होने लगा। कुछ देर में वह होश में भी नहीं रही। बस यह याद है कि कार को चिरकुंडा होते हुए कुमारधुबी के बंद केएमसीईएल कारखाना के निदेशक बंगला के पास रोका गया था। यहां से पांचों उसे उतारकर पास की झाड़ियों में ले गए। सभी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बेहोशी की हालत होने से वह विरोध नहीं कर सकी। वह नर्सिंग होम कैसे पहुंची उसे याद नहीं।
कुमारधुबी ओपी के पुलिस अधिकारी रावण सिंह ने उसका फर्द बयान लिया। घटनास्थल चिरकुंडा थाना क्षेत्र होने के कारण परिजनों ने वहां भी शिकायत की है। चिरकुंडा पुलिस महिला को साथ लेकर घटनास्थल गई। हालांकि पुलिस को वहां कुछ विशेष नहीं मिला। तब पीड़िता ने बताया कि उसे कुछ होश नहीं था। शायद कार में दुष्कर्म किया गया था। पुलिस अधिकारी रावण सिंह ने कहा कि महिला नशे में थी। उसके बयान से भ्रम हो रहा है।