वज्रपात के बाद आग मिश्रित ओबी के गिरने से चार कर्मी झुलसे, एक की हालत गंभीर
थ्री पिट पंप हाउस के पास बुधवार देर रात आग मिश्रित ओबी में वज्रपात व ओबी गिरने से चार बीसीसीएल कर्मी झुलस गए।
वज्रपात के बाद आग मिश्रित ओबी के गिरने से चार कर्मी झुलसे, एक की हालत गंभीर
भौंरा : ईजे एरिया भौंरा साउथ कोलियरी के थ्री पिट पंप हाउस के पास बुधवार की देर रात आग मिश्रित ओबी में वज्रपात होने व ओबी गिरने से चार बीसीसीएल कर्मी झुलस गए। इसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी झुलसे कर्मियों को धनबाद के सेंट्रल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से जख्मी पंप आपरेटर गुलाब महतो को सेंट्रल अस्पताल से बोकारो जेनरल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना में हरिशंकर गौड़, सनातन विश्वकर्मा व साजन कुमार सिंह भी झुलसे हैं। बताया जाता है कि रात के दो बजे बारिश हो रही थी। सभी कर्मी पंप हाउस के पास ड्यूटी पर तैनात थे, तभी अचानक आसमान से बादल की जोरदार आवाज हुई। इसके बाद भारी मात्रा में आग मिश्रित ओबी कर्मियों पर गिर गई। इससे चारों कर्मी जख्मी हो गए। कर्मियों में घटना के बाद अफरातफरी मच गई। सभी इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय कर्मियों ने इसकी सूचना प्रबंधन को दी। स्थानीय कर्मियों के सहयोग से सबसे पहले जख्मियों को भौंरा अस्पताल में पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद सभी को चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए सेंट्रल अस्पताल भेज दिया। सूचना पाकर डीजीएमएस के निदेशक मुकेश कुमार, उप निदेशक साकेत भारती, आइएसओ के अधिकारी ने गुरुवार को घटना स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थानीय प्रबंधन को सुरक्षा के साथ काम करने के लिए कई निर्देश दिए। झुलसे बीसीसीएल कर्मी वज्रपात से हैं या आग मिश्रित ओबी से झुलसे हैं, यह जांच का विषय है। मौके पीओ पंकज कुमार, एस रूंगटा, एसके सिंह, रामेश्वर प्रसाद आदि मौजूद थे।
रात में वज्रपात हुई थी। इससे चार कर्मी झुलस गए। सभी का बेहतर इलाज किया जा रहा है। ओबी से झुलसने की बात गलत है। प्रबंधन सुरक्षा को लेकर हमेशा सतर्क रहता है।
- पंकज कुमार, परियोजना पदाधिकारी, भौंरा कोलियरी।