बस लूट कांड में चार गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद
पुलिस ने छापेमारी कर आरोपितों के घर से सैकड़ों मोबाइल, कंप्यूटर सेट एवं फर्नीचर बरामद किया है। इनकी कीमत लाखों में बताई जाती है।
बरवाअड्डा, जेएनएन। शहर के हीरक रोड़ में बस के धक्के से रेलकर्मी धमेंद्र कुमार की मौत के बाद अराजक तत्वों द्वारा बस आग लगा देने एवं यात्रियों के सामान की लूट मामले में बुधवार को पुलिस ने चार स्थानीय युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लूटकांड में 10 नामजद समेत डेढ़ दर्जन अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है। आरोपितों के खिलाफ नायजाज मजमा लगाकर सरकारी काम में बाधा, लूटपाट, तोडफ़ोड़ एवं आगजनी करने का मामला दर्ज किया गया है। लूट गए सामान की कीमत 50 लाख से अधिक बताई जाती है।
नामजद आरोपित : सुजीत कुमार महतो, प्रदीप महतो, मीला यादव, मिथुन हाजरा, गणेश सिंह व अजीत कुमार महतो भेलाटांड़, मोनू पांडेय, कर्ण पांडेय व राजबीर यादव धैया, प्रकाश मंडल सुसनीलेवा शामिल है। इसके अलावा एक दर्जन अज्ञात को आरोपित बनाया गया है।
इनकी हुई गिरफ्तारी : पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रकाश मंडल 20 वर्ष, अजीत कुमार महतो 25 वर्ष, मोनू पांडेय 20 वर्ष एवं सुजीत कुमार महतो 25 वर्ष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
लाखों का सामान बरामद : पुलिस ने छापेमारी कर आरोपितों के घर से सैकड़ों मोबाइल, कंप्यूटर सेट एवं फर्नीचर बरामद किया है। इनकी कीमत लाखों में बताई जाती है।
रांची से कुरियर कंपनी के मालिकः रांची कुरियर कंपनी एयर स्पेस के रवि कुमार बुधवार की देर शाम बरवाअड्डा थाना पहुंचे और पुलिस को लूटे गए सामान की जानकारी दी। रवि ने बताया कि कुरियर के माध्यम से वीवो कंपनी का एक बोरा (77 पीस) मोबाइल एवं अन्य सामान जामताड़ा स्थित सिंह जी की दुकान में बस से भेजा जा रहा था। उसे उपद्रवियों ने लूट लिया। लूटे गए सामान की कीमत तीन लाख से अधिक है। इसके अलावा जेट लाइन कुरियर एवं सिटी कनेक्ट कुरियर का माल दुमका जा रहा था। इनका सामान लूट लिया गया। पुलिस अन्य आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।