भाजपाइयों ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की मनाई जयंती, जनाधार हासिल करने का लिया संकल्प Dhanbad News
धनबाद जिला भाजपा के महामंत्री संजय झा ने कहा कि चुनाव में हार-जीत लगी रहती है। भले ही विधानसभा में हमारी सीटें कम हुईं हैं लेकिन जनाधार कम नहीं हुआ है।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड की सत्ता से बेदखल होने के बाद भाजपाइयों ने बुधवार को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। माैका था पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की 95वीं जयंती पर धनबाद जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित समारोह का। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वाजपेयी की तस्वीर पर फूल-माला चढ़ा श्रद्धांजलि दी। साथ ही झारखंड में फिर से जनाधार हासिल करने का संकल्प लिया।
भाजपा विधायक राज सिन्हा ने कहा कि धनबाद जिला में कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से हम अपना जनाधार बचाए रखने में कामयाब रहे हैं। हालांकि कहीं कुछ चूक रह गई जिससे झारखंड में हमारी दुबारा सरकार नहीं बन पाई। हमें जितनी उम्मीद थी सीटें नहीं मिली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से खोये जनाधार वापस लाने की शपथ लेने की अपील की करते हुए कहा कि अथक परिश्रम से जनाधार को प्राप्त करेंगे और अगली बार फिर भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
धनबाद जिला भाजपा के महामंत्री संजय झा ने कहा कि चुनाव में हार-जीत लगी रहती है। भले ही विधानसभा में हमारी सीटें कम हुई हैं लेकिन जनाधार कम नहीं हुआ है। इसलिए हमें हतोत्साहिस होने की जरूरत नहीं है। धनबाद जिले का परिणाम हमारे लिए उत्साहवर्द्धक है। निरसा विधानसभा क्षेत्र में पहली बार भाजपा को जीत मिली है। सिंदरी की जनता ने भाजपा को जिताकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों पर मुहर लगाने का काम किया है।
अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के संस्थापक श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी कभी हार से घबराते नहीं थे। उसी का नतीजा है कि आज भाजपा जनता की स्वभाविक पंसद वाली पार्टी है। केंद्र में और राज्यों में हमारी सरकारें हैं। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता वाजपेयी के विचारों को आत्मसात करते हुए झारखंड की जनता के लिए संघर्ष करता रहेगा। कार्यक्रम में अजय त्रिवेदी, चंद्रशेखर मुन्ना, प्रीतपाल सिंह आजमानी, भूपेंद्र सिंह, राणा सिंह आदि उपस्थित थे।