Bihar Assembly Elections: सूरजभान ने एनडीए की जीत का किया दावा, विपक्ष का होगा सफाया
लोजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव की तरह एनडीए के सभी दल एकजुट होकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भी कोई संशय नहीं है।
बेरमो, जेएनएन। लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सूरजभान सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव-2020 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा है कि 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में एनडीए की 200 से ज्यादा सीटों पर जीत होगी। लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव परिणाम भी एनडीए के पक्ष में एकतरफा होगा। राजद समेत विपक्षी दोलों को 20 से 30 सीटों पर संतोष करना होगा।
पूर्व सांसद सिंह ने शनिवार को करगली रेस्टहाउस कालोनी में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव की तरह एनडीए के सभी दल एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भी कोई संशय नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण देश के दूसरे राज्यों में काम करने वाले बिहार एवं झारखंड के एक करोड़ कामगार वापस आ चुके हैं। यहां के कामगार वापस नहीं जाएंगे तो कई राज्यों का विकास रूक जाएगा। कई प्रदेशों में उद्योग चालू नहीं हो सकेंगे। सकारात्मक पक्ष है कि इससे देश भर में बिहार एवं झारखंड के लोगों की अहमियत बढ़ी है।
फुसरो की वार्ड पार्षद रश्मि सिंह के घर पहुंचे लोजपा उपाध्यक्ष के साथ उनकी पत्नी पूर्व सांसद वीणा देवी भी थीं उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर कोई सवाल नहीं है। उनके नेतृत्व में भी एनडीए चुनाव लड़ेगा।