Dhanbad Weather Forecast: मई में 10 साल पहले जैसा हुआ मौसम, सुबह धूप शाम में झमाझम; जानें कब तक रहेगा ऐसा हाल
Jharkhand Weather Forecast Alert माैसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मई महीने में माैसम का ऐसा रंग कई वर्षों बाद देखने को मिल रहा है। धनबाद बोकारो गिरिडीह रामगढ़ जामताड़ा दुमका देवघर आदि जिलों में हर रोज दोपहर बाद बारिश हो जा रही है।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Dhanbad Weather Forecast Alert सुबह धूप और उमस भरी गर्मी तो शाम ढलते ही बादलों का आना जाना और झमाझम बारिश से मौसम का रंग बदल लेना। धनबाद के लिए 10 साल पहले यह कोई नई घटना नहीं थी। गर्मी के मौसम में अक्सर ऐसा हो जाता था। बाहर से आने वाले मेहमानों को धनबाद में कुछ पसंद आए ना आए यहां का रंग बदलने वाला मौसम खूब भाता था। अप्रैल-मई की गर्मी में भी यहां गर्मी का एहसास कम ही होता था क्योंकि दिन में गर्मी तो शाम ढलते ही मौसम बदल जाता था। एक बार फिर दशक पुराना मौसम लौट आया है। मार्च और अप्रैल में जहां झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ा था वहीं मई के शुरुआत से ही मौसम में अपना मिजाज पूरी तरह से बदल लिया है। मौसम ठीक वैसा ही हो गया है जैसा आज से 10 साल पहले था। सुबह हल्की धूप खिल रही है। बादलों का आना जाना भी हो रहा है। दोपहर बाद आसमान में बादल छा रहे हैं और तेज गर्जन के साथ झमाझम बारिश हो रही है।
इस सप्ताह ऐसा ही रहेगा माैसम का मिजाज
मौसम विभाग की माने तो इस पूरे हफ्ते मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। यानी अभी कई दिनों तक गर्मी से राहत मिलती रहेगी। मौसम में बदलाव का कारण उत्तर प्रदेश से असम तक और बिहार से पश्चिम बंगाल के हिमालय वाले क्षेत्र तक साइक्लोनिक सरकुलेशन बना हुआ होना है। इस वजह से बादलों की आवाजाही बढ़ी है। बादलों के आने जाने से धनबाद समेत पूरे झारखंड में कई दिनों से बारिश हो रही है। इसके अगले कई दिनों तक बने रहने की संभावना है।
इस कारण हो रही बारिश
मानसून एक्सपर्ट डॉ. एसपी यादव की मानें तो अरब सागर के बादल असम की ओर जा रहे हैं। बादलों का ट्रैक धनबाद होकर ही है जिससे यहां बारिश हो रही है। बादल टुकड़ों में है जो एक के पीछे एक चल रहे हैं। छोटे आकार के बादलों के होने की वजह से बादल तेज गरजने या बिजली गिरने जैसी घटना हो रही है। अगले कई दिनों तक बिजली गिरने की घटना से सावधान रहना होगा। 10 मई तक बादलों की आवाजाही के बीच मौसम बदलने का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
सात मई तक का संभावित तापमान
- मंगलवार अधिकतम 35 न्यूनतम 22
- बुधवार अधिकतम 35 न्यूनतम 22
- गुरुवार अधिकतम 34 न्यूनतम 22
- शुक्रवार अधिकतम 34 न्यूनतम 22