छुट्टी पर आए दो बीएसएफ जवानों ने घर में अकेली महिला को जबरन लगाया रंग, हिरासत में लेकर पूछताछ
शिकायत के बाद पुलिस ने दो आरोपी बीएसएफ जवान धेना मांझी और बबलू पाल और एक रेलकर्मी को थाने में लाकर पूछताछ की। पूछताछ के लिए थाना लाए गए दोनों जवान काफी नशे में थे।
महुदा, जेएनएन। महुदा रेलवे कॉलोनी में घर के अंदर अकेली महिला से मंगलवार को दो बीएसएफ जवानों और रेलवे कर्मचारियों ने होली खेली। घर के अंदर घुसकर महिला को जबरन रंग लगाया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने दो बीएसएफ जवानों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
होली के दिन मंगलवार को महुदा रेलवे कॉलोनी में जबरन रंग लगाने के बाद हंगामा हो गया है। हंगामा के बाद महिला ने महुदा थाने में पहुंचकर लिखित शिकायत दी। महिला के अनुसार दोपहर के समय वह घर घर में अकेली थी। पति ड्यूटी पर थे। पति आद्रा रेलवे में कार्यरत है। दोपहर में होली खेलने के बहाने पड़ोस के धेना माँझी (बीएसएफ), बबलू पाल (बीएसएफ), नन्हे प्रसाद (रेलवे कर्मचारी), कल्लु रजक एवं अन्य दस लोग घर का दरवाजा खटखटा कर खुलवाया। महिला का आरोप है कि दरवाजा खोलने के बाद सब अन्दर घुस गये और जबरदस्ती रंग लगाने लगे। मना करने पर भी नहीं माने और कपड़े के अंदर भी रंग डालने लगे। ज्यादती का प्रयास किया। शोर मचाने पर सब भाग खड़े हुए। इसके बाद महिला ने पहले फोन पर पति को घटना की सूचना दी। महुदा थाने में भी लिखित शिकायत दी है।
शिकायत के बाद पुलिस ने दो आरोपी बीएसएफ जवान धेना मांझी और बबलू पाल और एक रेलकर्मी को थाने में लाकर पूछताछ की। पूछताछ के लिए थाना लाए गए दोनों जवान काफी नशे में थे। कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थे। उनकी हाल को देखते हुए पुलिस ने जाने दिया। इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी हीरालाल तिर्की ने बताया कि लिखित शिकायत मिली है। जांच क जा रही है। जानकारी के अनुसार दोनों बीएसएफ जवान होली की छुट्टी पर घर आए हैं। धेना मांझी का भाई महुदा रेलवे कॉलोनी में रहता है। धेना भाई के पास आया था।