फॉगिंग के नाम पर हो रही खानापूर्ति; मच्छरों के प्रकोप से त्रस्त लोगों ने कहा- नगर निगम नहीं यह 'नरक निगम' है Dhanbad News
दैनिक जागरण समाचार पत्र में नगर निगम क्षेत्र में फॉगिंग को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद नगर निगम हरकत में आ गया है। शनिवार की सुबह कई वार्डों में हैंड मशीन से फॉगिंग की गई।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत चासनाला, कांड्रा, पाथरडीह, सुदामडीह, लोको बाजार, मोहन बाजार, नुनुडीह, डिनोबली मोड़, मोहलबनी आदि जगहों में मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। निगम की ओर से क्षेत्र में फॉगिंग भी नहीं की जा रही है, जिससे क्षेत्र के लोगों में निगम प्रबंधन के प्रति रोष देखा जा रहा है।
सुदामडीह रिवर साइड निवासी विशाल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि दो-तीन वर्ष पूर्व एक बार निगम की ओर से फॉगिंग की गाड़ी आई थी। फिर दोबारा कभी दिखी नहीं। क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप इतना है कि छोटे बच्चों को घर से बाहर शाम को लेकर जाने में भी डर लगता है। ब्लीचिंग का छिड़काव भी नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि बिना दवा के ही महज किरोसिन व डीजल तेल से फॉगिंग कर खानापूर्ति की जाती है। निगम प्रबंधन अगर सही तरीके से फॉगिंग करे तो मच्छरों के प्रकोप पर ब्रेक लगाया जा सकता है।
पाथरडीह अजमेरा नौ नंबर बस्ती निवासी सत्यजीत सिंह ने कहा कि हमारे क्षेत्र में फॉगिंग कभी हुई ही नही है। सफाई, डस्टबिन, ब्लीचिंग छिड़काव तो बहुत दूर की बात है। उन्होंने कहा कि यह नगर निगम नहीं बल्कि नरक निगम बन गया है। मच्छरों के प्रकोप को बढ़ने से रोकने के लिए विशेष अभियान चलाए नगर निगम।
दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद नगर निगम ने शुरू की फॉगिंग
वहीं, दैनिक जागरण समाचार पत्र में नगर निगम क्षेत्र में फॉगिंग को लेकर लगातार दो दिन तक समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर निगम हरकत में आ गया है। आनन-फानन में नगर निगम ने शनिवार को सुबह 7 बजे से ही लगभग सभी वार्डों में हैंड मशीन से फॉगिंग शुरू करा दी। इसमें कई मोहल्ले और क्षेत्र ऐसे भी शामिल हैं, जहां पिछले दो-तीन वर्षों से फागिंग नहीं हुई थी। यहां भी फॉगिंग की गई। वार्ड नंबर 27 और वार्ड नंबर 28 के वार्डों में युद्ध स्तर पर फॉगिंग की जा रही है।
इसके अलावा नगर निगम ने झरिया, छाताटांड और कतरास में ब्लीचिंग पाउडर भी भिजवा दिया है। इसे सख्ती से अनुपालन करते हुए हर गली-मोहल्ले और नालियों में डालने का निर्देश दिया है।