झरिया के कचरा गोदाम में भड़की आग, पांच घंटे बाद काबू पर लाखों का नुकसान Dhanbad News
कचरा गोदाम से आसमान की तरफ उठती ऊंची-ऊंची लपटों को देख लोग डर गए। तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही झरिया धनबाद और सिंदरी फायर फाइटिंग स्टेशन से पांच दमकल पहुंचे। घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू किया गया।
झरिया, जेएनएन। झरिया थाना क्षेत्र के राज ग्राउंड प्रांगण के समीप कचरा गोदाम में रविवार-सोमवार की रात करीब 2 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले ली। गोदाम से आसमान की तरफ उठती ऊंची-ऊंची लपटों को देख लोग डर गए। तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही झरिया, धनबाद और सिंदरी फायर फाइटिंग स्टेशन से पांच दमकल पहुंचे। घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू किया गया। इस घटना से लाखों का नुकसान होने की संभावना है।
कचरा गोदाम में आग कैसे लगी, यह अभी तक साफ नहीं है। तरह-तरह की बातें रही हैं। पुलिस जांच से ही आग के कारणों का खुलासा होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग को काबू में करने के लिए अग्निशमन दस्ते को काफी मेहनत करनी पड़ी। पांच-पांच दमकल से पानी उड़ेला गया। इसके बाद आग की लपटें शांत हुई।
गोदाम संचालक शंभू मोदी ने बताया कि आग कैसे लगा इसकी जानकारी नहीं है। रात में उन्हें लोगों ने आग लगने की सूचना दी। आग से काफी नुकासन हुआ है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आकलन के बाद ही नुकसान का सही अंदाजा लगाया जा सकता है।
घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन गोदाम को बचाया नहीं जा सका। गोदाम पूरी तरह से जल कर राख हो गया है। गोदाम के अंदर रखे गए सामान जलकर राख हो गए हैं। सुबह सात बजे तक घटनस्थल से धुआं उठ रहे थे।