Dhanbad Weather Forecast: 4 दशक में पहली बार जनवरी में धनबाद का न्यूनतम पारा 15 डिग्री से ऊपर, माैसम वैज्ञानिक बता रहे यह वजह
न्यूनतम पारा पिछले एक सप्ताह से 15 डिग्री के आसपास बना हुआ है। यह दोपहर में 17 डिग्री तक पहुंच जा रहा है। माैसम वैज्ञानिक इसे क्लाइमेट चेंज और पश्चिमी विक्षोभ का असर बता रहे हैं। हालांकि माैसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ऐसा ही नहीं रहेगा।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद का माैसम पूरी तरह पलट गया है। अहसास ही नहीं हो रहा है कि जनवरी माह है। बसंत के महीने जैसी हवा चल रही है। दिन के समय ठंड गायब है। लोग घरों से बगैर गर्म कपड़ों के भी निकल जा रहे हैं। न्यूनतम पारा पिछले एक सप्ताह से 15 डिग्री के आसपास बना हुआ है। माैसम वैज्ञानिक इसे क्लाइमेट चेंज और पश्चिमी विक्षोभ का असर बता रहे हैं। हालांकि माैसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ऐसा ही नहीं रहेगा। 14 जनवरी को मकर संक्रांति से पहले ठंड फिर लाैट आएगी।
माैसम वैज्ञानिकों के अनुसार 1980 के बाद धनबाद का न्यूनतम पारा जनवरी माह में 15 डिग्री से ऊपर है। इसका कारण पश्चिमी विक्षोभ बताया जा रहा है। पहले पश्चिमी विक्षोभ का असर धनबाद और झारखंड पर नहीं पड़ता था। लेकिन कलाइमेट चेंज के कारण अब सबकुछ उल्टा-पुल्टा हो रहा है। वैश्विक स्तर पर माैसम में जो बदलाव हो रहा है उसका असर धनबाद में भी दिख रहा है। जनवरी से पहले सप्ताह में तो कड़ाके की ठंड पड़ती है। लेकिन धनबाद में पहली जनवरी से ही ठंड कमजोर पड़ गई। न्यूनतम पारा 8 डिग्री से 15 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है।
मकर संक्रांति के पहले न्यूनतम पारा में गिरावट की संभावना है। 12 जनवरी के बाद फिर ठंड बढ़ेगी। न्यूनतम पारा 8 से 9 डिग्री तक पहुंच सकता है। चिकित्सकों के अनुसार माैसम में यह बदलाव स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है। लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।