भारत पेट्रोलियम के टैंकर में भभकी आग, चालक और खलासी गंभीर Dhanbad News
टायर फटने के कारण टैंकर एक ट्रैक्टर से टकरा गया। ट्रैंकर में डीजल लोड था। टक्कर होते ही टैंकर में आग भड़क उठी। आग की लपटें ऊंची-ऊंची उठने लगी।
राजगंज, जेएनएन। जीटी रोड पर डोमनपुर के नजदीक शुक्रवार को भारत पेट्रोलियम का एक टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टायर फटने के कारण टैंकर एक ट्रैक्टर से टकरा गया। ट्रैंकर में डीजल लोड था। टक्कर होते ही टैंकर में आग भड़क उठी। लपटें ऊंची-ऊंची उठने लगी। इस घटना में टैंकर के चालक और सहचालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटनास्थल के पास ही घनी बस्ती होने के कारण लोग डर के मारे घरों से निकल गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार भारत पेट्रोलियम का टैंकर प. बंगाल के 24 परगना स्थित बजबज से डीजल लेकर बिहार के नावागर जा रहा था। डोमनपुर के नजदीक अचानक टायर ब्रस्ट कर गया। इससे टैंकर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गया। इसके बाद टैंकर में आग भभक उठी। चालक शिबू मल्लिक व खलासी जावेद अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिकी उपचार के बाद दोनों को कोलकाता रेफर कर दिया गया। यह घटना सुबह करीब दस बजे घटी। ट्रैंकर में आग भभकते ही पास की डोमनपुर बस्ती के लोग सहम गए। वे अपने-अपने घरों से निकल कर बाहर आ गए। जीटी रोड की दोनों लेन भी जाम हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी पहुंचे। फायर विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद दमकल पहुंची। दो घंटे तक दमकल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद जीटी रोड पर यातायात सामान्य हुई।