चुनावी कोलाहल से दूर 'सुनहरे' फसल की कटाई में मग्न किसानों ने कहा- किसान हित में करेंगे मतदान Dhanbad News
Jharkhand Assembly Election 2019 के शोरगुल से दूर किसान अपने परिवार के साथ खेतों में काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि मतदान उसी को करेंगे जो खेती की समस्या पर बात करे।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 चुनावी कोलाहल से दूर सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के बलियापुर के किसान अपने खेतों में तैयार धान की फसल को काटने व खलिहान तक लाने में व्यस्त हैं। विधानसभा चुनाव जैसे लोकतंत्र के महापर्व में शोरगुल से अलग किसान अपने परिवारों के साथ खेतों में काम कर रहे हैं। इस कार्य में परिवार के बच्चे, बुजूर्ग, युवा और महिलाएं सभी जुटे हैं।
किसानों का कहना है कि घरों में खाने के अनाज रहेंगा तो चुनाव हो या पर्व सभी ठीक-ठाक बीतेगा। खेत में जब तक मेहनत नहीं करेंगे फसल नहीं उपजेगा। हालांकि किसानों ने कहा कि वे चुनाव के दिन मतदान जरूर करेंगे। खेत में धान की फसल काट रही आमझर गांव की मैना देवी ने कहा कि चुनाव में वोट तो अवश्य देंगे, लेकिन किसानों की समस्याओं के समाधान की बात करने वाले को ही अपना मत देंगे।
किसानों के हित के बारे में सोचने वाला कोई नहीं : इधर खेतटांड गांव के मकरू महतो ने कहा कि हम किसानों के हित के बारे में सोचने वाला कोई नहीं है। चुनाव के समय हर प्रत्याशी किसान व मजदूर के हित की बात तो करते हैं। उनके खेतों में पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन पूरा नहीं किया जाता है। किसानों की समस्याओं को लेकर कोई पार्टी गंभीर नहीं दिखती है।
अपने कर्म पर ही हमें विश्वास करते हैं किसान : गांव की ही मीरा देवी का कहना है कि हम किसान हैं। खेत में जब तक फसल नहीं उगाएंगे, हमें खाना नहीं मिलेगा। अपने कर्म पर ही हमें विश्वास है। नेता कुछ भी बोल दें। उन्होंने कहा कि जो किसान के हित की बात करेगा, वोट उसे को देंगे।