Sidharth Shukla Death News: बिग बॉस विनर की माैत से धनबाद के फैन्स सकते में, महिलाएं बोलीं-बेहतरीन एंटरटेनर थे सिद्धार्थ
Sidharth Shukla बिग बॉस-13 के विनर सिद्धार्थ शुक्ला की माैत हो गई है। उनका निधन गुरुवार को दिल का दाैरा पड़ने से हुआ। उनके धनबाद में भी बड़ी संख्या में फैंस हैं। निधन की खबर यहां पहुंचते ही समर्थक मर्माहत हो गए।
जागरण संवाददाता, धनबाद। बिग बॉस-13 के विजेता सिद्धार्थ शुक्ला की गुरुवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह सिर्फ 40 साल के थे। दिल का दाैरा पड़ने के बाद मुंबई के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनके मौत से धनबादवासियों को भी गहरा सदमा लगा है। घर में टीवी पर उनके सीरियल को देखने वाले फैंस की अच्छी-खासी संख्या है। उनके फैंस सदमे में हैं। महिलाओं और युवतियों के बीच अपनी अदाकारी की बदौलत सिद्धार्थ प्रचलित थे। बालिका वधू धारावाहिक में तो इन्होंने अमिट छाप छोड़ी थी। बिग बॉस-13 का विजेता बनकर सिद्धार्थ और अधिक चर्चा में आ गए थे। खासकर धनबाद के लगभग हर घर में बिग बॉस देखा जाता था। सिद्धार्थ की अदाकारी को लोगों ने बेहद पसंद किया। आइए जानते हैं कि सिद्धार्थ शुक्ला की मौत का कितना सदमा यहां की जनता को लगा है।
सिद्धार्थ और शहनाज गिल की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री की वजह से बिग बॉस देखा करती थी। मुझे सबसे अधिक सिद्धार्थ पसंद थे। विजेता बनने पर बहुत खुशी हुई थी। आज उनकी मौत ने रुला दिया। विश्वास हो ही नहीं रहा है।
- रितिका राज छात्रा भूली
बहुत ही बुरी खबर आज सुनने को मिली। विश्वास नहीं हो रहा कि सिद्धार्थ के साथ ऐसा हुआ। अभी उनकी उम्र ही क्या थी। बिग बॉस में सबसे अच्छे प्रतिभागी के तौर पर सिद्धार्थ चर्चा में आए। उनका गुस्सा देखने वाला होता था। बालिका वधू में तो काफी बेहतरीन काम किया था। बहुत ही दुखद समाचार मिला।
- त्रिशाली वर्णवाल, छात्रा बैंक मोड़
सिद्धार्थ को बालिका वधू के समय से देखती आई हूं। अभी हाल ही में इनका एक वीडियो एल्बम भी आया था। एक्टिंग देखकर काफी खुशी हुई। सिद्धार्थ मेरे फेवरेट भी रहे हैं। बिग बॉस इन्ही की वजह से देखती थी। मौत की सूचना झकझोर देने वाली है।
- प्रीति कौशल, ग्रहिणी, कुसुम विहार
बिल्कुल भी यह बात यकीन दिलाने वाली नहीं है। सिद्धार्थ की स्माइल बहुत अच्छी लगती थी। आज भी बिग बॉस में उनका हंसता हुआ चेहरा आंखों के सामने घूमता है। शहनाज़ के साथ केमिस्ट्री वाकई लाजवाब थी। इतनी जल्दी जाने की उम्र नहीं थी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।
- वर्षा, कामकाजी रांगाटांड़
सिद्धार्थ की एक्टिंग मुझे बहुत अच्छी लगती थी। खासकर बालिका वधू और बिग बॉस में लाजवाब अभिनय किया। असीम के साथ सिद्धार्थ लड़ाई देखने वाली होती थी। बिग बॉस के सबसे बेहतरीन एंटरटेनर की बात की जाए तो सिद्धार्थ ही थे। उनके जाने का बहुत दुख है।
- सोनम सिंह, ग्रहिणी जयप्रकाश नगर