Covid-19: कोरोना पॉजिटिव महिला के बुर्कानसी होने के कारण वायरस का नहीं दिखा कहर, फिर होगी परिजनों की जांच
बोकारो जिला प्रशासन ने रविवार को महिला के घर और उसके आसपास के 27 लोगों का सैंपल लिया। इसके अतिरिक्त एक 4 माह का बच्चा भी है। सभी को क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है।
बोकारो, जेएनएन। बोकारो जिले के चंद्रपुरा प्रखंड में तब्लीगी जमात से जुड़ी हुई कोरोना संक्रमित महिला मरीज का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में चल रहा है। महिला के साथ बांग्लादेश में तब्लीगी मरकज में शामिल होने उसके अन्य साथियों की दोबारा जांच कराई जाएगी। वजह यह है कि महिला के साथ उसके पति समेत 8 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इसके बावजूद बोकारो जिला प्रशासन कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है। वह पूरी तरह से संतुष्ठ होने के लिए एक बार फिर से जांच करा लेना चाहता है। महिला के पति और उसके परिवार के चार अन्य सदस्यों की फिर से जांच कराई जाएगी।
महिला के गांव को किया गया सैनिटाइज
बोकारो जिला प्रशासन ने रविवार को महिला के घर और उसके आसपास के 27 लोगों का सैंपल लिया। इसके अतिरिक्त एक 4 माह का बच्चा भी है। सभी को क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। कोरोना का संक्रमण नहीं फैले इसके लिए महिला के घर से 7 किलोमीटर की परिधि को चिह्नित कर जिला प्रशासन ने पूरी तरह सील कर दिया है। कोरोना वायरस (कोविड-19) के प्रसार, बचाव तथा रोकथाम हेतु संक्रमित मरीज के निवास स्थल को केंद्र मानते हुए उस क्षेत्र को तीन किलोमीटर तक कन्टेनमेंट जॉन एवं सात किलोमीटर तक बफर जॉन के रूप में चिह्नित करते हुए क्षेत्र को सैनिटाइज एवं गहन निगरानी करने का निदेश बोकारो के उपायुक्त मुकेश कुमार ने दिया है।
27 लोगों को लिया गया सैंपल
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का मानना है कि 15 मार्च को महिला समेत अन्य तब्लीगी जमात के लोग बांग्लादेश से लौटे। सभी विमान द्वारा रांची हवाई अड्डा पर उतरे। इसके बाद सड़क मार्ग से बोकारो के चंद्रपुरा स्थित अपने-अपने घरों तक सफर किया। सभी की थर्मल स्क्रीनिंग आत्मिक स्वास्थ्य केंद्र की गई। इस दाैरान महिला में किसी भी प्रकार के कोरोनो वायरस के लक्षण नहीं दिखे। अब जब महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है तो प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। हालांकि सुखद है कि महिला के संपर्क में आने वाले लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। माना जा रहा है कि महिला हमेशा बुर्के में रहती थीं इस वजह से दूसरों में संक्रमण नहीं फैला। परिवार के नजदीकी सूत्रों का कहना है कि महिला का घर से बाहर आना-जाना बहुत ही कम था। जब भी किसी भी काम से घर से बाहर निकलती तो बुर्के में रहती थीं। इस कारण महिला से दूसरे लोगों तक कोरोना वायरस का फैलाव नहीं हुआ। हालांकि बोकारो जिला प्रशासन बारीक नजर रख रहा है। इसलिए 27 लोगों को सैंपल लिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सही तस्वीर साफ होगी।