DMC Election: उपमेयर का होगा सीधा चुनाव, डीआरओ ने भेजा राज्य निर्वाचन आयोग को निर्वाची पदाधिकारियों की सूची
मेयर पद के लिए एसी श्याम नारायण राम तो उप मेयर के लिए डीआरडीए के निदेशक मुमताज अली अंसारी के नामों की अनुसंशा निर्वाची पदाधिकारी के तौर पर की गयी है। एजाज हुसैन अंसारी और विकास कुमार त्रिवेदी क्रमश मेयर और उप मेयर के लिए सहायक आरओ होंगे।
जागरण संवाददाता, धनबाद। नगर निगम चुनाव की अधिकारिक घोषणा अभी भले ही नहीं हो पायी हो, इसको लेकर जहां संभावित उम्मीदवारों ने दुंदुभी बजानी बजानी शुरू कर दी है तो प्रशासिनक तैयारियां भी जोरों पर है।
इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त उमा शंकर सिंह ने राज्य निर्वाचन आयोग को चुनाव को लेकर बनाये जानेवाले निर्वाची और सहायक निर्वाची पदाधिकारियों के नामों की प्रस्तावित सूची अनुमोदन के लिए भेज दी है।
गौरतलब है कि पिछले बार मेयर का चुनाव सीधे निवार्चन से हुआ था तो उप मेयर का चुनाव चुने गये पार्षदों ने अपनों के ही बीच से किया था। लेकिन इस सूची के भेजे जाने के बाद उप मेयर का चुनाव भी सीधे निर्वाचन से होने की चर्चा को बल मिल रहा है। इस सूची के अनुसार जहां मेयर और उप मेयर के लिए एक-एक निर्वाची पदाधिकारी और सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया गया है। वहीं हरेक पांच वार्डों की कमान एक-एक निर्वाची पदाधिकारी और सहाधक निवार्ची पदाधकिारी के हाथों में थमाये जाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इस लिहाज से जहां कुल तेरह आरओ बनाये जाएंगे वहीं इतनी ही संख्या में एआरओ भी होंगे।
इसमें मेयर पद के लिए एसी श्याम नारायण राम तो उप मेयर के लिए डीआरडीए के निदेशक मुमताज अली अंसारी के नामों की अनुसंशा निर्वाची पदाधिकारी के तौर पर की गयी है। जबकि टुंडी अंचलाधिकारी एजाज हुसैन अंसारी और अंचलाधिकारी ताेपचांची विकास कुमार त्रिवेदी क्रमश: मेयर और उप मेयर के लिए सहायक निर्वाची पदाधिकारी की भूमिका में होंगे। जबकि हर पांच वार्ड पर एक आरओ उस संबंधित क्षेत्र के प्रशासनिक पदाधिकािरयों को बनाया गया है।
सूची के अनुसार वार्ड एक से पांच के लिए डीसीएलआर सतीश चंद्रा, छ: से दस तक के लिए डीएसओ भोगेंद्र ठाकुर, 11-15 के लिए एसडीओ सत्येंद्र कुमार, 14-20 के लिए कलियासोल सीओ दिवाकर दूबे, 21-25 के लिए कार्यपालक दंडाधिकारी अमर प्रसाद को आरओ बनाया गया है। इसी तरह पुटकी सीओ शुभ्रा रानी 26 -30, झरिया सीओ प्रमोद कुशवाहा 31-35, कार्यपालक पदाधिकारी अनुज बांडो 41-45और टुंडी पूर्वी प्रखंड विकास पदाधिकारी वश्मिता सिंह 46-50 की निर्वाची पदाधिकारी होंगी।