Wether Report: अरब सागर में फिर सक्रिय हो रहे बादल, दुर्गा पूजा में तेज बारिश का बन रहा संयोग
अरब सागर के बादलों के चार-पांच अक्टूबर तक यहां पहुंचने का अनुमान है। इसके बाद कई दिनों तक बादलों का आना जाना लगा रहेगा जिससे बारिश का अनुमान है।
धनबाद, जेएनएन। चक्रवाती तूफान हिका के उठने के बाद लगातार बारिश से परेशान लोगों को सोमवार से राहत मिलनी शुरू हुई। सोमवार को धूप-छांव के बीच थोड़ी बारिश के बाद मंगलवार को माैसम पूरी तरह साफ हो गया है। हालांकि अब जो आसार बन रहे हैं उससे आने वाले दिनों में तेज बारिश हो सकती है। ऐसा होने पर दुर्गा पूजा के दाैरान लोगों को परेशानी बढ़ जाएगी।
मौसम विभाग ने सोमवार को ही यह सूचना जारी कर दी थी कि अब झारखंड में चार अक्टूबर तक तेज बारिश की संभावना नहीं है। पर बीच बीच में बारिश होती रहेगी। इस बीच अरब सागर में एक बार फिर बादलों की सक्रियता बढ़ गयी है। मानसून एक्सपर्ट डॉ एसपी यादव के अनुसार, पिछली बार की तरह इस बार भी बादल मजबूत स्थिति में गुजरात और राजस्थान पहुंच चुके हैं। बादलों का ट्रैक भी वही है। यानी गुजरात व राजस्थान से मध्यप्रदेश होकर झारखंड आएंगे। धनबाद होकर बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ेंगे। पहले अरब सागर से ओडिशा होकर बंगाल की खाड़ी पहुंचते थे और वापसी में धनबाद समेत पूरे झारखंड में बारिश कराते थे। चूंकि यहां से होकर गुजरेंगे, जिस वजह से कई दिनों तक बारिश की संभावना बनी रहेगी।
दुर्गा पूजा में बारिश की पूरी संभावना : अरब सागर के बादलों के चार-पांच अक्टूबर तक यहां पहुंचने का अनुमान है। इसके बाद कई दिनों तक बादलों का आना जाना लगा रहेगा जिससे बारिश का अनुमान है।
10-11 अक्टूबर तक विदा लेगा मानसून : झारखंड में मानसून 10 से 11 अक्टूबर तक सक्रिय रहने की संभावना है। इसके बाद विदा लेगा। लौटने के दौरान भी झमाझम बारिश होगी।