दो लाख आबादी को 58 घंटे बाद मिला पानी, धनबाद में 3 दिनों से अब भी प्यासे हैं ढाई लाख लोग Dhanbad News
नौ जलमीनारों पर आश्रित धनबाद शहर की दो लाख आबादी को रविवार को पानी मिल गया। वहीं 10 जलमीनारों तक पानी नहीं पहुचने से करीब ढाई लाख लोग तीन दिनों से प्यासे हैं।
धनबाद, जेएनएन। निरसा के खुदिया फाटक के पास मैथन जलापूर्ति की पाइप अत्यधिक प्रेशर के कारण शुक्रवार रात फट गई थी। इसकी वजह से शहर के सभी 19 जलमीनारों में जलापूर्ति नहीं हो सकी। सभी जलमीनार सूखे रह गए। आखिरकार लगभग 58 घंटे बाद रविवार को दोपहर बाद से शहर में जलापूर्ति शुरू हो गई। नौ जलमीनारों को पानी से भर दिया गया। हालांकि अभी भी 10 टंकियों में पानी नहीं भरा जा सका।
जहां पानी नहीं पहुंचा है वहां सोमवार को दोपहर तक पानी की सप्लाई हो जाएगी। इस तरह धनबाद वासियों को पानी के लिए सोमवार शाम तक का इंतजार करना पड़ेगा। नौ जलमीनारों पर आश्रित शहर की दो लाख आबादी को रविवार को पानी मिल गया। वहीं शहर के करीब ढाई लाख लोग तीन दिनों से अब भी प्यासे हैं।
इन जलमीनारों में रविवार को हुई जलापूर्ति : गोल्फ ग्राउंड, मनइटांड़, मटकुरिया, भूदा, हीरापुर, पुलिस लाइन, मेमको मोड़, पीएमसीएच और स्टील गेट।
यहां होनी है जलापूर्ति : चिरागोड़ा, भूली, पॉलीटेक्निक, हिल कॉलोनी, धोबाटांड़, गांधी नगर, धनसार, पुराना बाजार, बरमसिया, वासेपुर जलमीनार।