मैथन डैम में पानी भरपूर, फिर भी धनबादवासी प्यासे रहने को मजबूर Dhanbad News
धनबाद में रोजाना करीब एक लाख आबादी को पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है। जबकि मैथन डैम में पानी भरपूर है। वहीं पेयजल विभाग का इसके पीछे अवैध वाटर कनेक्शन का तर्क है।
धनबाद, जेएनएन। गर्मी के समय मैथन डैम का जलस्तर कम रहने से धनबाद शहर में जलसंकट समझ आता था। अभी डैम में पर्याप्त पानी है, फिर भी शहर के लोग प्यासे रहने को मजबूर हैं। अच्छी बारिश से डैम में पानी भरपूर हो गया है। बावजूद इसके किसी भी दिन पूरे शहर को डैम से पर्याप्त पेयजल नहीं मिल पा रहा है।
रोजाना करीब एक लाख आबादी को पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है। यह कोई एक दिन नहीं प्रतिदिन की बात है। नवरात्र जैसे त्योहार के मौके पर शहरी आबादी पेयजल को तरसती रही। नवरात्र के तीसरे दिन यानि एक अक्टूबर को शहर में पानी नहीं चला। नवरात्र के चौथे व छठे दिन भी आधे से अधिक शहर को पानी नसीब नहीं हुआ और अबतक जलापूर्ति की स्थिति नहीं सुधरी है। गुरुवार को शहर में आठ जगहों पर पानी नहीं चला। धोबाटांड़, गांधी नगर, भुदा, बरमसिया, धनसार, हीरापुर, मेमको मोड़ व भूली जलमीनार में जलापूर्ति नहीं हुई।
इंटेकवेल व ट्रीटमेंट प्लांट के मोटर व पंप भी पुराने
शहर में अनियमित जलापूर्ति का एक कारण मैथन इंटेकवेल व भेलाटांड़ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का मोटर व पंप पुराना होना भी है। दोनों जगह कुछ मोटर खराब हैं, जिससे मरम्मत कराकर चलाया जा रहा है। हालांकि विभागीय अधिकारी इसे जलापूर्ति में परेशानी का कारण नहीं मानते हैं। उनके अनुसार पुराने मोटर नहीं अवैध वाटर कनेक्शन से पानी की कमी हो रही है।
आइआइटी में भी पानी की किल्लत
पानी की किल्लत से केवल आइआइटी आइएसएम भी जूझ रहा है। पानी की आपूर्ति में हो रही परेशानी को देखते हुए प्रबंधन ने तो बकायदा नोटिस भी जारी कर दिया है। करीब 11 हजार की आबादी वाले आइएसएम कैंपस में छात्र-छात्रओं, प्रोफेसर और कर्मचारियों को परेशानी न हो, इसके लिए संस्थान ने दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अव्यवस्था के कारण धनबाद नगर निगम से हमारे परिसर में पानी का आपूर्ति बाधित हो रही है। कैंपस में आंतरिक बोरिंग के माध्यम से केवल कैंपस में स्थित छात्रवासों में पानी की आपूर्ति की जाएगी। इसलिए सभी से अनुरोध है कि वे कम से कम मात्रा में पानी का उपयोग करें।
29 सितंबर से 10 अक्टूबर तक नहीं चला पानी
- 29 सितंबर छह जलमीनार
- 30 सितंबर 10 जलमीनार
- 1 अक्टूबर 19 जलमीनार
- 2 अक्टूबर 15 जलमीनार
- 3 अक्टूबर पांच जलमीनार
- 4 अक्टूबर 12 जलमीनार
- 5 अक्टूबर चार जलमीनार
- 6 अक्टूबर छह जलमीनार
- 7 अक्टूबर छह जलमीनार
- 8 अक्टूबर सात जलमीनार
- 9 अक्टूबर पांच जलमीनार
- 10 अक्टूबर आठ जलमीनार
पेयजल विभाग का अवैध कनेक्शन का तर्क
शहर में नियमित जलापूर्ति में परेशानी के पीछे पेयजल विभाग का अवैध वाटर कनेक्शन का तर्क है। विभाग के अनुसार, मैथन से निरसा के बीच जलापूर्ति पाइप लाइन से अवैध कनेक्शन कर लिया गया है। जिससे भेलाटांड़ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट कम पानी पहुंच रहा है। पेयजल विभाग के एसडीओ राहुल प्रियदर्शी ने बताया कि मैथन डैम से रोजाना 70 एमएलडी पानी छोड़ा जा रहा है, लेकिन धनबाद पहुंचते-पहुंचते 35 एमएलडी हो जाता है।