धनबाद-बोकारो में पाइपलाइन से होगी सस्ती रसोई गैस की आपूर्ति
नगर निगम में जो काम हो रहा है उसका पैसा राज्य व केन्द्र की सरकार दे रही है। उसी से चास का विकास हो रहा है। भाजपा के लोग कचरा निस्तारण प्लांट के निर्माण में बाधक नहीं हैं।
धनबाद, जेएनएन। बोकारो में हवाई अड्डे के मुद्दे पर झामुमो विधायक जगरनाथ महतो के आरोप पर भाजपा सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि झामुमो के विधायक जगरनाथ महतो को बोकारो से जल्द हवाई यात्रा कराएंगे। हवाई अड्डा के विस्तारीकरण का काम चल रहा है। कहा कि झामुमो के लोग विकास में बाधक बन रहे हैं। रामगढ़ में पावर सब स्टेशन के काम को रोका गया।
डुमरी के विधायक महतो ने आरोप लगाया था कि भाजपा सरकार में विकास का ठप पड़ गया है। बोकारो हवाईअड्डा का निर्माण लटक गया है। इसका सांसद सिंह ने रविवार को बोकारो स्थित अपने कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन कर जवाब दिया। उन्होंने चास के मेयर भोलू पासवान के आरोप का भी जवाब दिया। कहा कि नगर निगम में जो काम हो रहा है उसका पैसा राज्य व केन्द्र की सरकार दे रही है। उसी से चास का विकास हो रहा है। भाजपा के लोग कचरा निस्तारण प्लांट के निर्माण में बाधक नहीं हैं। मेयर भोलू पासवान सस्ती लोकप्रियता के लिए गलत बयानबाजी कर रहे हैं। सरकार ने मेयर भोलू पासवान को निर्देश दिया है कि वे सांसद व विधायक को भी कार्यक्रम में शरीक करें, लेकिन वे अकेले योजनाओं का उद्घाटन कर रहे हैं। सांसद ने अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जल्द ही धनबाद और बोकारो में पाइप लाइन सस्ती रसोई गैस की आपूर्ति होगी। मौके पर जिलाध्यक्ष बिनोद महतो, रोहित लाल सिंह, कमलेश राय, राजीव कंठ, भैया आरएन ओझा, कृष्ण कुमार बुन्ना, उदय चंद प्रसाद, राजेन्द्र विश्वकर्मा, देवकी बड़ाइक, दिलीप चौबे आदि उपस्थित थे।
विस्थापितों के लिए भी कर रहे पहल : सांसद ने बताया कि केन्द्रीय इस्पात मंत्री वीरेन्द्र सिंह की पहल पर मंत्रालय की दिल्ली में विशेष बैठक हुई। इस दौरान बोकारो के विस्थापितों को प्लाट के लिए भूमि आवंटन में 50 फीसद आरक्षण देने, 19 विस्थापित गांवों का संपूर्ण विकास करने, बोकारो इस्पात संयंत्र में आउटसोर्सिंग के ठेका कार्य में विस्थापितों को प्राथमिकता देने, विस्थापितों के लिए आरक्षित पांच लाख रुपए तक के वर्क आर्डर की रकम को बढ़ा कर 25 लाख रुपए करने, बीएसएल की अनुसांगिक इकाइयों को क्रय आदेश देने, कौशल विकास के माध्यम से विस्थापितों को दक्ष बना कर बड़ा कांट्रैक्ट देने, विस्थापितों को नियोजन देने आदि पर चर्चा हुई।
सांसद ने गिनाई उपलब्धि
1. धनबाद से गिरिडीह को रेलमार्ग से जोड़ा जा रहा है।
2. बोकारो व धनबाद के लोगों को सस्ती दर पर पाइप लाइन के माध्यम से गैस उपलब्ध कराने की तैयारी
3. 25 एकड़ भूमि अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनाने के लिए सेल की सहमति
4. मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन दी गई
5. सभी गरीबों को उनकी सरकार ने गैस चूल्हा व कनेक्शन दिया।