कलवर्ट ने ली चिकित्सक की जान, छह माह पूर्व ही हुई थी शादी Dhanbad News
मूलतः बिहार के नवादा जिला निवासी मधुसूदन पासीटांड कॉलोनी में रहता था। वह पेशे से निजी चिकित्सक था। छह माह पूर्व ही उसकी शादी तेतुलमारी में हुई थी।
सिजुआ, जेएनएन। छाताबाद-भेलाटांड सड़क मार्ग में मालकेरा डाउन के पास निर्माणाधीन कलर्वट ने 35 वर्षीय मधुसूदन की जान ले ली। गुरुवार की देर रात कतरास जाने के क्रम में मधुसूदन बाइक सहित कलर्वट में गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटनास्थल से उठाकर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल कतरास थाना क्षेत्र के अधीन है। मूलतः बिहार के नवादा जिला निवासी मधुसूदन यहां पासीटांड कॉलोनी में रहता था। वह पेशे से निजी चिकित्सक था। छह माह पूर्व ही उसकी शादी तेतुलमारी में हुई थी। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि मधुसूदन मोटरसाइकिल से कतरास की ओर जा रहा था। घटनास्थल के पास जमा मिट्टी से जोरदार ढंग से बाइक टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी बाइक कलर्वट के नीचे चली गई लेकिन वह स्वयं उछलकर करीब 12 फीट चौड़ी कलर्वट के दूसरी ओर फेंका गया। इस क्रम में मधुसूदन का माथा लोहे से टकराया और वह जख्मी हो गया।
विधायक ने दिखाई संवेदनशीलता: गुरुवार रात करीब ग्यारह बजे मधुसूदन खून से लथपथ हालत में कलर्वट के पास पड़ा हुआ था। घटना के कुछ देर बाद ही एक शादी समारोह से विधायक ढुलू महतो लाैट रहे थे। राहगीरों ने घटना के बारे में विधायक को जानकारी दी। उन्होंने तुरंत मधुसूदन को उठवाकर अस्पताल भेजवाया।