ईवीएम का इतिहास और त्रुटि दूर करने के गुर बताने आए निर्वाचन आयोग के इंजीनियर
विधानसभा चुनाव 2019 को लेकर जिला प्रशासन की तैयारी तेज हो गई है। जिला निर्वाचन विभाग की सतर्कता भी बढ़ गई है। वोटरों के नाम जोड़ने के लिए डोर टू डोर कैम्पेनिंग जारी है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: आसन्न विधानसभा चुनाव 2019 को लेकर जिला प्रशासन की तैयारी तेज हो गई है। जिला निर्वाचन विभाग की सतर्कता भी बढ़ गई है। वोटरों के नाम जोड़ने के लिए डोर टू डोर कैम्पेनिंग जारी है। वहीं, चुनाव कराने के लिए कर्मचारियों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को भी राज्य पुस्तकालय परिसर में सभी 67 मास्टर ट्रेनरों को ईवीएम का प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर प्रशिक्षण कोषांग के उप समाहर्ता अब्दुस समद, भारतीय निर्वाचन आयोग के सर्विस इंजीनियर कपिल कुमार, अजहरुद्दीन अंसारी एवं मनीष ने ईवीएम से सम्बंधित सभी तथ्यों की क्रमवार जानकारी दी।
अब्दुस सामद ने ईवीएम के इतिहास एवं इसके विभिन्न भागों के सम्बंध में विस्तारपूर्वक बताते हुए कहा कि यह एक पूर्ण विश्वसनीय मशीन है, जो टेम्पर्ड प्रूफ है। यह मशीन प्रारम्भ होने के समय सेल्फ डायग्नोसिस करता है। इससे मशीन के कनेक्शन में हुई त्रुटियों का पता तुरंत चल जाता है। कहा इस मशीन में एक साथ 24 बैलेट यूनिट को जोड़ा जा सकता है।
इंजीनियर अजहरुद्दीन ने मशीन के सभी एरर के बारे में बताते हुए कहा कि इसमें कंट्रास्ट एरर, फाल एरर, लेंग्थ एरर एवं डिप्लीट एरर सामान्यत: होता है। उन्होंने इसे दूर करने के तरीके भी बताए। मशीन के विभिन्न भागों विशेषकर वीवीपैट से जुड़ी विभिन्न फंक्शन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
मुख्य प्रशिक्षक दिलीप कुमार कर्ण ने मशीन संबंधित कुछ समस्याओं की ओर ध्यान केंद्रित करते हुए उसे दूर करने के उपाय बताए। जिला शिक्षा पदाधिकारी अलका जायसवाल ने प्रशिक्षण केंद्र आकर आवश्यक निर्देश दिए। मुख्य प्रशिक्षक संजय कुमार एवं राज कुमार वर्मा ने भी प्रशिक्षण दिया।
बलियापुर में घर- घर जाकर महिला मतदाताओं का किया गया निबंधन: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अमित कुमार के निर्देश पर बलियापुर प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत बीएलओ द्वारा घर घर जाकर छूटे हुए योग्य महिला मतदाताओं का निबंधन किया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने 15 अक्टूबर को सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा झरिया के अंचल अधिकारी को घर-घर सर्वे कर छुटे हुए महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का निर्देश दिया था। साथ ही ईआरओ नेट में फ्लैगिंग हेतु दिव्यांग मतदाताओं की सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया था। निर्देश के अनुसार बीएलओ घर-घर जाकर 20 अक्टूबर तक जो महिला निबंधित नहीं है, उनसे प्रपत्र 6 प्राप्त कर ईआरो नेट में उसी दिन डिजिटाइजेशन कराएंगे। साथ ही दिव्यांग मतदाता सूची का ईआरो नेट में फ्लैगिंग भी कराएंगे।