मुखिया सविता पर भारी पड़ रहा लाखों का घोटाला, बर्खास्तगी के बाद गिरफ्तार Dhanbad News
अगस्त वर्ष 2017 में जिला प्रशासन की टीम द्वारा योजनाओं की भौतिक जांच में की कई गड़बडिय़ां व घोटाला सामने आया था। सभी गांवों में टीम ने जांच पड़ताल किया था।
राजगंज, जेएनएन। बाघमारा प्रखंड के दलूडीह पंचायत में 14वें वित्त एवं मनरेगा की योजनाओं के मद में हुए करोड़ों रुपये की घोटाले के मामले में मंगलवार को बाघमारा पुलिस ने आरोपित मुखिया सबिता देवी को पियरशाला स्थित घर से गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस भी साथ थी।
अगस्त वर्ष 2017 में जिला प्रशासन की टीम द्वारा योजनाओं की भौतिक जांच में की कई गड़बडिय़ां व घोटाला सामने आया था। सभी गांवों में टीम ने जांच पड़ताल किया था। उसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, बकरी व मुर्गी शेड, कंपोष्ट पीट, डोभा, शौचालय आदि का स्थान निरीक्षण किया गया था। कई योजनाएं धरातल पर नहीं उतारी गई थीं। आश्चर्य तो इस बात की है कि तालाब को डोभा दिखा दिया गया था। इतना ही नहीं मृत महिला के नाम पर कई योजना दिखाकर राशि निकाल ली गई थी। बकरी व मुर्गी शेड का मामला उजागर हुआ था। कुछ लाभुकों को पता भी नहीं था कि उनके नाम पर पीएम आवास के मद में पहली किश्त 24-24 हजार रुपये निकाल ली गई थी। इसमें बिचौलिए की मुख्य भूमिका सामने आई थी। जांच के बाद जिला प्रशासन ने मुखिया को पद मुक्त करते हुए बाघमारा थाना में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
मुखिया सहित सामग्री आपूर्तिकर्ता राजेश्वर मुंशी, अनिल कुमार सिंह, राधा बल्लभ प्रसाद सहाय, अमरेश कुमार दुबे आरोपित हैं। आरोपित राजेश्वर मुंशी न्यायालय से जमानत पर हैं।