कोल कर्मियों को बीस लाख रुपये ग्रेच्युटी मिलने की उम्मीद बढ़ी
कोयला कर्मियों को एक जनवरी 2017 से बढ़ी हुई ग्रेच्युटी का फायदा दिलाने के लिए केंद्रीय श्रम संगठनों ने कमर कस ली है। केंद्रीय कर्मचारियों को बढ़ी हुई राशि 2017 से ही मिल रही है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: कोयला कर्मियों को एक जनवरी 2017 से बढ़ी हुई ग्रेच्युटी का फायदा दिलाने के लिए केंद्रीय श्रम संगठनों ने कमर कस ली है। केंद्रीय कर्मचारियों को सेवानिवृत्त होने के बाद बढ़ी हुई राशि जनवरी 2017 से ही मिल रही है, लेकिन कोल कर्मियों को यह लाभ नहीं मिल रहा है।
मालूम हो कि पहले ग्रेच्युटी की सीलिंग 10 लाख रुपए थी, लेकिन सातवां वेतन आयोग लागू होने के बाद इसे बढ़ाकर 20 लाख कर दिया गया है। नियम के तहत जनवरी 2017 से टैक्सेबल भुगतान करना है, लेकिन मार्च 2018 के बाद सेवानिवृत्त हुए कोल कर्मियों को पूरे 20 लाख रुपये मिलेंगे। 11 नवंबर को श्रम संगठन के साथ प्रबंधन के साथ हुई बैठक के बाद इस पर सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। कोल इंडिया बोर्ड में प्रस्ताव तैयार कर अनुमति के लिए भेजा जाएगा। श्रम संगठनों ने इस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है।
पिछले दिनों कोयला मंत्री के साथ हुई बैठक में भी इस पर दिशा निर्देश दिया गया है। सेवानिवृत्त कोल कर्मियों को भी एक जनवरी 2017 इसका लाभ मिलेगा।
मालूम हो कि सातवें वेतन आयोग ने केंद्रीय कर्मचारियों के नए वेतनमान के साथ ग्रेच्युटी की राशि बीस लाख कर दी है। कोल कर्मियों को भी केंद्रीय कर्मचारियों के ग्रेच्युटी एक्ट का लाभ कोल इंडिया को देना है। इससे संबंधित श्रम संगठनों के साथ कोल इंडिया प्रबंधन की लगातार बातचीत हो रही है।